अतिक्रमण (सोर्स - सोशल मिडिया)  
नागपुर

कामठी नगर परिषद का सख्त एक्शन, शुक्रवारी बाजार से हटाया अतिक्रमण; दोबारा कब्जा रोकने की मांग

Nagpur District Local News: कामठी नगर परिषद ने शुक्रवारी बाजार और सिंधी लाइन क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर सड़कों को मुक्त कराया है और दुकानदारों के लिए पीली मार्किंग की है।

रूपम सिंह

Nagpur Municipal Council News: कामठी नगर परिषद प्रशासन ने शहर के शुक्रवारी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रखा है। पिछले एक सप्ताह से चल रही इस कार्रवाई के तहत बाजार की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। अभियान के बाद बाजार क्षेत्र में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु और व्यवस्थित नजर आने लगा है।

पीली मार्किंग कर दुकानदारों को दिए गए निर्देश

नगर परिषद ने जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया है, वहां पीले रंग की मार्किंग की जा रही है। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सीमा से बाहर सामान रखने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस कदम का उद्देश्य दोबारा अतिक्रमण रोकना और सार्वजनिक मार्गों को बाधा मुक्त बनाए रखना है।

सिंधी लाइन मार्ग से हटाए गए अतिक्रमण

अभियान के तहत बाबा साहेब आंबेडकर प्रतिमा से सरदार वल्लभभाई पटेल चौक (फेरूमल चौक) की ओर जाने वाले सिंधी लाइन मार्ग पर जेसीबी मशीन की सहायता से अतिक्रमण हटाया गया। सड़क किनारे लगी फल विक्रेताओं की दुकानें और गैस स्टोव रिपेयरिंग के अस्थायी ठेले हटाकर मार्ग को साफ कराया गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है।

नागरिकों ने जताई संतुष्टि

अतिक्रमण हटने के बाद बाजार क्षेत्र की सड़कें चौड़ी और खुली दिखाई देने लगी हैं। इससे न केवल वाहनों की आवाजाही आसान हुई है, बल्कि पार्किंग व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिला है। स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और पैदल राहगीरों ने कामठी नगर परिषद की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।

दोबारा अतिक्रमण रोकने की उठी मांग

हालांकि नागरिकों ने यह भी आशंका जताई है कि अभियान समाप्त होने के बाद अतिक्रमण फिर से बढ़ सकता है। लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार इस तरह की कार्रवाई हुई, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा अवैध कब्जे हो गए। नागरिकों ने नगर परिषद के अध्यक्ष और मुख्याधिकारी से नियमित निगरानी एवं सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र की सड़कें हमेशा अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनी रहें।

PM मोदी-ट्रंप की फोन पर बात, भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर क्या हुई चर्चा?

हवा में चाकूबाजी, तेजी से नीचे आया विमान…कौन हैं भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार? जान पर खेलकर बचाई 180 की जान

यूपी पुलिस को ही भंग कर सभी केस CBI को देने पड़ेंगे क्या? सुप्रीम कोर्ट की तल्ख टिप्पणी

कांग्रेस की एकला चलो नीति पर भड़के उद्धव ठाकरे! INDIA गठबंधन की बैठक में सुनाई खरी-खोटी, दी ये सलाह

CSR घाेटाला: महाराष्ट्र समेत 4 राज्यों के 8 ठिकानों पर ED की छापेमारी, फर्जी नेटवर्क का खुलासा