

नागपुर की जरीपटका थाना पुलिस ने एक किराना दुकान में हुई चेन स्नेचिंग की गुत्थी को महज 4 दिनों के भीतर सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को एक नाबालिग साथी के साथ हिरासत में लिया है। यह वारदात 26 अगस्त 2026 की रात जरीपटका थाना क्षेत्र के सुगतनगर इलाके में हुई थी, जहां 65 वर्षीय राकेश गुप्ता अपनी किराना एवं जनरल स्टोर्स की दुकान पर मौजूद थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और उसने 1 किलोग्राम चीनी मांगी। जब वृद्ध दुकानदार राकेश गुप्ता चीनी तोलने में व्यस्त थे, तभी मौका पाकर शातिर आरोपी ने उनके गले पर झपट्टा मारा और 1.20 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीनकर भाग निकला। पीड़ित दुकानदार ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाहर पहले से ही दोपहिया वाहन पर मुस्तैद उसका साथी उसे लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जरीपटका पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस और गुप्त मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और 4 दिनों के भीतर मुख्य आरोपी निकेत बागेश्वर को एक नाबालिग के साथ डिटेन कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन और छीनी गई लगभग 1 तोले की सोने की चेन सफलतापूर्वक बरामद कर ली है। जरीपटका पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। नागपुर पुलिस इस बात की भी गहन जांच कर रही है कि क्या ये आरोपी नागपुर शहर में हुई चेन स्नेचिंग की अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं।