Nagpur LPG Gas Shortage News: नागपुर जिले के जलालखेड़ा सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत से नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। टोल फ्री नंबर शुरू किए जाने के बाद भी गैस बुकिंग और डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू नहीं हो पा रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बार-बार कॉल करने के बावजूद न तो बुकिंग हो पा रही है और न ही समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं। कई लोगों ने आरोप लगाया है कि टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर या तो लग नहीं रहा या कॉल का कोई जवाब नहीं मिलता।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई उपभोक्ताओं को 20 से 30 बार कॉल करने के बाद भी बुकिंग नहीं हो रही। वहीं, जिनकी बुकिंग दर्ज हो जाती है, उन्हें भी डिलीवरी के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
जानकारों के अनुसार, इस समस्या के पीछे दो प्रमुख कारण सामने आ रहे हैं। पहला, अचानक बढ़ी मांग के कारण बुकिंग सिस्टम पर अत्यधिक दबाव, और दूसरा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते एलपीजी आपूर्ति में आई कमी।
हाल ही में पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव का असर एलपीजी सप्लाई पर पड़ा है, जिससे देशभर में गैस की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है।
सरकार ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि घबराकर बार-बार बुकिंग करने से बचें, ताकि सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन फिलहाल उपभोक्ताओं को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।