स्वतंत्रता दिवस पर नागपुर हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर; रेलवे स्टेशनों पर भी कड़ा बंदोबस्त

Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नागपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात रहेगी और नाकाबंदी के साथ संदिग्धों व वाहनों की जांच की जाएगी।
Nagpur on high alert for Independence Day; police keeping a close watch everywhere
स्वतंत्रता दिवस पर नागपुर हाई अलर्टफोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन
Updated on

Independence Day 2026 Nagpur Security: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नागपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहरभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के मार्गदर्शन में हुई बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। बस स्टैंड, मॉल, फुटाला तालाब, अंबाझरी तालाब, सीताबर्डी किला परिसर, सिनेमाघरों और मंदिरों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

प्रमुख मार्गों पर फिक्स पॉइंट, जगह-जगह नाकाबंदी

शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस के फिक्स पॉइंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष पुलिस दस्तों की तैनाती के साथ-साथ सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी शहर के विभिन्न हिस्सों में निगरानी रखेंगे। पुलिस की नजर संदिग्ध गतिविधियों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली हर गतिविधि पर रहेगी।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों और समारोहों में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

तेज गति से वाहन चलाने, शराब के नशे में वाहन चलाने और अनावश्यक रूप से हॉर्न बजाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नागपुर और अजनी रेलवे स्टेशन हाई अलर्ट पर

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर के रेलवे स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नागपुर रेलवे स्टेशन और अजनी रेलवे स्टेशन पर लोहमार्ग पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से विशेष बंदोबस्त किया गया है।

स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। यात्रियों के सामान और संदिग्ध वस्तुओं की जांच के साथ रेलवे परिसर में भी जवानों की तैनाती की गई है।

विशेष ट्रेनों और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए रेलवे पुलिस तथा आरपीएफ की टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Nagpur on high alert for Independence Day; police keeping a close watch everywhere
स्वतंत्रता दिवस पर चमका नागपुर-विदर्भ का नाम! 20 जांबाजों को मिला शौर्य पदक, कुल 25 पुलिस व जेल कर्मी सम्मानित

सुरक्षा एजेंसियां रहेंगी अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोग सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का फैसला किया है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों से लेकर रेलवे स्टेशनों तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और स्वतंत्रता दिवस के समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।

Navbharat Live
navbharatlive.com