नागपुर से सरकारी बस उड़ा ले गया तेलंगाना का शातिर चोर, रास्ते में सवारियां भी बिठाईं; अमरावती में गिरफ्तार

Nagpur Bus Theft: नागपुर के इमामवाड़ा डिपो से एक शातिर चोर सरकारी एसटी बस चुराकर अमरावती ले गया। आरोपी रास्ते में सवारियां भी बिठाता रहा, जिसे राजापेठ पुलिस ने मुस्तैदी से गिरफ्तार कर लिया।
नागपुर के इमामवाड़ा डिपो से एक शातिर चोर सरकारी एसटी बस चुराकर अमरावती ले गया। आरोपी रास्ते में सवारियां भी बिठाता रहा, जिसे राजापेठ पुलिस ने मुस्तैदी से गिरफ्तार कर लिया।
शातिर चोर, अमरावती में गिरफ्तार (फोटो सोर्स - नवभारत)
Updated on

Nagpur Bus Theft Imamwada Depot: नागपुर के इमामवाड़ा डिपो में चार्जिंग पर लगी एक सरकारी एसटी बस (क्र। एमएच-49-वीझेड) को एक शातिर चोर बुधवार की रात उड़ा ले गया। हद तो तब हो गई जब चोर बस चुराने के बाद खुद चालक बन गया और नागपुर से अमरावती के रास्ते में बाकायदा सवारियां बिठाते हुए निकल पड़ा। हालांकि, राजापेठ पुलिस की मुस्तैदी से इस अंतरराज्यीय बस चोर का पर्दाफाश कर धरदबोचा। आरोपी का नाम विष्णु गणपति निलावर (22, हयात नगर, रंगारेड्डी, तेलंगाना) के रूप में हुई है। सफाईकर्मी को बातों में फंसाकर बस लेकर रफूचक्कर! सूत्रों के अनुसार आरोपी विष्णु बुधवार रात करीब 8 बजे तेलंगाना से नागपुर ट्रेन से पहुंचा और सीधे इमामवाड़ा डिपो में जा घुसा।

वहां उसने डिपो के एक सफाईकर्मी को अपनी बातों के जाल में फंसाया और करीब एक घंटे तक गप्पें मारीं। बातों-बातों में उसने स्वीपर से पूछा तुझे एसटी बस चलानी आती है क्या ? सफाईकर्मी ने मना कर दिया और उल्टा विष्णु से पूछ लिया। विष्णु ने जैसे ही 'हां' कहा, सफाईकर्मी ने उसे बस की चाबी थमा दी। दोनों ने बस के दो-तीन चक्कर भी लगाए। इसके बाद शातिर विष्णु ने दिमाग दौड़ाया और सफाईकर्मी से कहा जरा नीचे उतरो, मुझे बस रिवर्स लेनी है।

जैसे ही सफाईकर्मी नीचे उतरा, विष्णु ने एक्सीलेटर पर पैर दबाया और बस लेकर फरार हो गया। उक्त कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, उपायुक्त श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण, उमेश मुंडे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक नितीन शिंदे, मनीष करपे, पवन तिवारी, पंकज खटे, रवि लिखीतकर, शशीकांत शेलके अकुंश काले, प्रशांत बेलोकर, आकाश यादव, अमोल खंडेझोड, अर्जुन कदम, अमोल देशमुख, रफीक खान, यश ओगले सहित अन्य ने की।

पारिवारिक पृष्ठभूमि भी खौफनाक

जांच में सामने आया है कि विष्णु के सिर पर किसी का हाथ नहीं है। उसके पिता अपनी ही पत्नी (विष्णु की मां की हत्या के आरोप में जेल में बंद हैं। घर में कोई न होने और लावारिस जिंदगी जीने के कारण विष्णु इस तरह की बड़ी चोरियों को अंजाम देने का आदी हो गया। फिलहाल बस चोरी की मुख्य शिकायत नागपुर के गणेशपेठ पुलिस थाने में दर्ज है। राजापेठ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

तेलंगाना, हैदराबाद और आंध्र प्रदेश से भी चुराई थी बसें

22 साल का विष्णु कोई आम चोर नहीं, बल्कि एक आदतन अंतरराज्यीय बस चोर है। वह अब तक तेलंगाना, हैदराबाद और आंध्र प्रदेश के विभिन्न इलाकों से 20 बसें चुरा चुका है। महज एक महीने पहले ही उसने नांदेड़ से भी एक बस चोरी की थी, जिसकी शिकायत वजीराबाद थाने में दर्ज है। नागपुर की इस घटना को मिलाकर वह अब तक 22 सरकारी बसे उड़ा चुका है। आरोपी का बस चुराने का पैटर्न बेहद अजीब है। वह बस चोरी करने के बाद दो से तीन दिन तक उसे सड़कों पर दौड़ाता था। इसके बाद वह बस की कीमती बैटरी, डिक्स और टायर निकालकर बाजार में बेच देता था और बस को लावारिस छोड़ देता था।।

चोरी करने के बाद अमरावती ले गया

डिपो से बस चोरी करने के बाद आरोपी सीधा अमरावती मार्ग पर निकल गया। वह इतना बेखौफ था कि उसने रास्ते में आम यात्रियों को भी बस में बिठाया और अमरावती शहर की तरफ बढ़ने लगा। इमामवाड़ा डिपो से बस चोरी होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

राजापेठ पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

राजापेठ थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण ने तुरंत एक्शन लेते हुए अमरावती के मध्यवर्ती बस डिपो और राजापेठ डिपो पर पुलिस के जवान तैनात कर दिए। लेकिन चोर भी कम शातिर नहीं था। पुलिस की नाकाबंदी भांपकर उसने बस को राजापेठ परिसर के नंदा मार्केट के पास खड़ा कर दिया, वहां सभी यात्रियों को उतारने के बाद, वह नई सवारियां ढूंढने के लिए पैदल ही गद्रे चौक की तरफ आ गया। इस दौरान पुलिस को नंदा चौक पर लावारिस खड़ी बस दिख गई। पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और गद्रे चौक परिसर में पैदल घूम रहे आरोपी विष्णु को दबोच लिया।

  • बाप जेल में, बेटा बसे चुराने का शौकीन !
  • अब तक चुरा चुका है 22 बसे !
  • तेलंगाना राज्य से ट्रेन से नागपुर पहुंचा था आरोपी
  • राजापेठ पुलिस के जाल में फंसा अंतरराज्यीय बस चौर
  • बसों के पुर्जे बेचकर करता था लाखों का कारोबार
Navbharat Live
navbharatlive.com