गर्मी में बढ़ी पानी की मांग, नागपुर में टुल्लू पंप के खिलाफ सख्ती; 20 दिन में 206 पर कार्रवाई
Nagpur Water Supply: नागपुर में जलापूर्ति लाइनों से अवैध रूप से पानी खींचने वाले टुल्लू पंपों के खिलाफ अभियान में 20 दिनों के भीतर 206 पंप जब्त किए गए हैं।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर पानी संकट, टुल्लू पंप, (सोर्स: सौजन्य AI)
Nagpur Illegal Pump Action: नागपुर जिले में गर्मियों के मौसम में शहर में पानी की मांग काफी बढ़ जाती है। कुओं और बोरवेल के सूखने, कूलर व अन्य जरूरतों के लिए पानी के बढ़ते उपयोग और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मांग बढ़ने से जल आपूर्ति प्रणाली पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में अधिक पानी और तेज दबाव पाने के लालच में कई नागरिक महानगर पालिका की पानी की मुख्य पाइपलाइनों में सीधे अवैध टुल्लू पंप लगाकर पानी खींच रहे हैं।
इस वर्ष गंदे पानी के कारण निजी कुओं और बोरवेल का पानी दूषित हो गया है, जिससे महानगर पालिका की जलापूर्ति पर निर्भरता और टुल्लू पंपों का उपयोग काफी बढ़ गया है। पर्याप्त मात्रा में प्रेशर के साथ जलापूर्ति के बावजूद कई लोगों से मिल रही शिकायत को देखते हुए टुल्लू पंप के खिलाफ अभियान छेड़ा गया। इसके तहत 20 दिनों के भीतर 206 पंप जब्त किए जाने की जानकारी ओसीडब्ल्यू ने दी।
10 घरों की जलापूर्ति होती है प्रभावित
प्रशासन के अनुसार, टुल्लू पंप का उपयोग पूरी तरह से अवैध है और इसका जल वितरण प्रणाली पर बहुत बुरा असर पड़ता है। जब कोई व्यक्ति टुल्लू पंप चलाता है, तो उसके आसपास के कम से कम 10 घरों में पानी का दबाव कम हो जाता है। इसका परिणाम यह होता है कि पड़ोसियों को बहुत कम दबाव से पानी मिलता है या उनकी जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो जाती है।
सम्बंधित ख़बरें
कैमरा जूम किया तो पेड़ पर लटका दिखा लड़के का शव, विरार की पहाड़ी पर वीडियो बना रहे शख्स के उड़े होश
खरीफ सीजन से पहले किसानों पर महंगाई की मार, खाद-बीज और कीटनाशकों के दामों में भारी बढ़ोतरी
महिलाओं के विरोध के बाद महागांव में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई, कई ठिकानों पर छापेमारी
मुंबई-पुणे मिसिंग लिंक से हर साल बचेगा 2.7 करोड़ लीटर ईंधन, 272 करोड़ रुपये की होगी बचत
इस स्वार्थी प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए नागपुर महानगरपालिका और अंरिंज सिटी वाटर ने पुलिस के सहयोग से पूरे शहर में एक विशेष अभियान शुरू किया है। 13 मई से लेकर अब तक के पिछले 15 से 20 दिनों के भीतर शहर के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर कुल 206 अवैध टुल्लू पंप जब्त किए गए हैं।
इन इलाकों में हुई मुख्य कार्रवाई
- नेहरू नगर जोन नंदनवन झोपडपट्टी, आदर्श नगर और प्रेम नगर परिसर।
- आसीनगर जोन: पाडे बस्ती, संघर्ष नगर, मानव नगर और कुशी नगर।
- धरमपेठ जोन : चिंतामणि नगर, मेट्रो सिटी सोसाइटी और सुरेंद्रगढ़।
- सतरंजीपुरा जोन पांचपावली, ठक्करग्राम, कलमना, चित्रशाला नगर, वाजपेयी नगर, बेले नगर, विनोबा भावे नगर, वैष्णादेवी नगर,
- कामगार नगर, बराईपुरा और राम नगर।
तो तुरंत दें जानकारी
प्रशासन ने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई सम्पत्ति धारक टुल्लू पंप का इस्तेमाल कर पानी खींच रहा हो, तो कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है। उसका नाम गुप्त रखा जाएगा और सटीक कार्रवाई कर उस क्षेत्र की जलापूर्ति को सुधारा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें:- नागपुर में इको-टूरिज्म को मिलेगा बूस्ट, 48.40 हेक्टेयर भूमि हस्तांतरण मंजूर; सरकार का बड़ा फैसला
शहर के नागरिकों से अपील की गई है कि वे अवैध टुल्लू पंपों का उपयोग तुरंत बंद करें ताकि सभी नागरिकों को उचित दबाव के साथ समान और पर्याप्त पानी मिल सके। इसके लिए जनसहभागिता और जागरूकता बेहद जरूरी है। पानी से संबंधित किसी भी कार्य के लिए नागरिकों को टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 266 9899 पर संपर्क करने या स्मार्टफोन पर ‘नागपुर जल ग्राहक सेवा एप’ का उपयोग करने की सलाह दी गई।
