Nagpur News: जाति सेल खोलकर मैंने गलती की थी, नितिन गडकरी ने सुझाव देते हुए कहा, बावनकुले ऐसा न करें
सभी कार्यकर्ताओं को यह ध्यान में रखना चाहिए कि भाजपा ही अपनी जाति है। यह बात केंद्रीय भूतल परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कही।
- Written By: आंचल लोखंडे
राज्य में 1.51 करोड़ सदस्य जुड़े (सौजन्यः सोशल मीडिया)
नागपुर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रहते हुए अनेक वरिष्ठों की सलाह नहीं मानकर मैंने विभिन्न जातियों के सेल खोले थे। इसके पीछे मेरा उद्देश्य सभी जातियों को पार्टी से जोड़ना था। इससे जातियां तो नहीं जुड़ी और ऐसा करना बड़ी गलती थी। प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले यह गलती न करें। अब मनपा चुनाव के समय विभिन्न जातियों के कार्यकर्ताओं को टिकट देने के लिए बड़े पैमाने पर पत्र आएंगे, तब बावनकुले को मेरे कहने की गंभीरता समझ में आएगी। सभी कार्यकर्ताओं को यह ध्यान में रखना चाहिए कि भाजपा ही अपनी जाति है। यह बात केंद्रीय भूतल परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कही। वे भाजपा की 44वीं वर्षगांठ के मौके पर यहां आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
गांधीसागर, महाल में विदर्भ विभाग, नागपुर महानगर व नागपुर ग्रामीण के संयुक्त कार्यालय का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री व प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, शहराध्यक्ष बंटी कुकड़े, जिलाध्यक्ष सुधाकर कोल्हे प्रमुख रूप से उपस्थित थे। गडकरी ने कहा कि भाजपा जातिवादी पार्टी नहीं है, लेकिन कांग्रेस ने समाज को गुमराह करते हुए ऐसा कुप्रचार किया। भाजपा को अनेक संघर्षों से गुजरना पड़ा और कड़ी कसौटी के बाद पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंच पाई है।

भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। वास्तव में पार्टी एक परिवार है और नेताओं को सभी कार्यकर्ताओं के साथ इसी तरह का बर्ताव करना चाहिए। नेताओं का अपने बच्चों पर प्रेम तो है ही और कई नेता टिकट के लिए आग्रह भी करते हैं। लेकिन इतना ही प्रेम कार्यकर्ताओं पर ही दिखाया जाना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा कार्यालय के लिए 25 वर्षों से प्रयास जारी था। आखिरकार इसे सफलता मिल गई। कार्यक्रम का संचालन विष्णु चांगदे ने किया।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संकट, 1 जून से कई उड़ानें होंगी बंद; क्या पश्चिम एशिया का तनाव बना मुख्य कारण?
इस्तीफा वापस लेने की कोशिश बेअसर! सहकारी बैंक चुनाव पर रोक से HC का इनकार, पूर्व अध्यक्ष को नहीं मिली राहत
नागपुर ट्रैफिक को मिलेगी राहत, सालों की देरी के बाद मोमिनपुरा फ्लाईओवर ने पकड़ी रफ्तार; 70% काम पूरा
महाराष्ट्र में बिना लाइसेंस कृषि उपज व्यापार पर सख्ती: अवैध खरीदी-बिक्री करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
राज्य में 1.51 करोड़ सदस्य जुड़े
चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि भाजपा द्वारा कार्यकर्ता जोड़ने के लिए चलाई गई मुहिम के तहत 1.51 करोड़ नए सदस्य जुड़े हैं, एक लाख से अधिक पार्टी कार्यकर्ता इस मुहिम में सहभागी हुए थे। उन्होंने दावा किया कि इतिहास में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर पार्टी सदस्य बने हैं।
कम्युनिस्ट पार्टी की जमीन खरीदी
गडकरी ने कहा कि इस जमीन पर कम्युनिस्ट पार्टी और हिंदू महासभा का कार्यालय था, उसे खरीदा गया। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि 38 हजार वर्ग फीट में बनने वाले 9 मंजिल टॉवर के नीचे 2 मंजिल बेसमेंट में पार्किंग रहेगी। रिसेप्शन, 500 लोगों को बैठने की व्यवस्था के 2 हॉल होंगे। कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण के लिए अलग से हॉल होंगे। विशेष अतिथियों के रुकने की व्यवस्था हेतु 9 सूट कमरे होंगे और ड्रोमेट्री होगी। संपूर्ण इमारत अत्याधुनिक यंत्रों से सुसज्जित होगी।
उन्होंने कहा कि विदर्भ भर से आने वाले पदाधिकारी व विधायकों को होटल में रुकना पड़ता है लेकिन अब उनके कार्यालय में नेताओं के रुकने की व्यवस्था होगी। 2028 तक यह इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में डेढ़ करोड़ प्राथमिक और 1 लाख से अधिक सक्रिय सदस्य हाल ही में सदस्यता अभियान के माध्यम से बने हैं। कुकड़े व कोल्हे ने प्रस्तावना रखी। उपेंद्र कोठेकर, संजय भेंड़े, गिरीश व्यास, धर्मपाल मेश्राम, राजीव पोतदार, लक्ष्मण सावजी, विष्णु चाहंदे, राजेश बागड़ी उपस्थित थे।
