नागपुर: हिंगना टी-प्वाइंट पर हड़कंप, होंडा मैस्कॉट शोरूम आग की चपेट में; डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद राहत

Nagpur Fire Incident: नागपुर के हिंगना टी-प्वाइंट स्थित होंडा मैस्कॉट शोरूम में भीषण आग लग गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कई दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।
Nagpur: Panic at Hingna T-point as Honda Mascot showroom catches fire; situation brought under control after an hour-and-a-half-long struggle.
नागपुर आग, होंडा शोरूम, हिंगना टी-प्वाइंट, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Hingna T Point Fire Incident: नागपुर जिले के हिंगना टी-प्वाइंट के समीप स्थित होंडा मैस्कॉट शोरूम में सोमवार रात आग लगने से हड़कंप मच गया। हिंगना, एमआईडीसी और महानगरपालिका सहित 9 अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन और अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

रात 10 बजे के दौरान शोरूम में आग लगने का पता चला। खबर मिलते ही हिंगना एमआईडीसी और वानाडोंगरी से 2 वाहन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक शोरूम की तिमंजला इमारत आग की चपेट में आ चुकी थी, इसीलिए अन्य फायर स्टेशनों से भी मदद मांगी गई।

धुएं और ज्वलनशील सामान से बढ़ी आग बुझाने की चुनौती

डिगडोह, वाड़ी, मिहान, वानाडोंगरी और मनपा के कंट्रोल रूम से त्रिमूर्तिनगर फायर स्टेशन से 2 वाहनों को मौके पर भेजा गया। शोरूम के भीतर धुआं फैल चुका था जिससे अग्निशमन दल को आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि इमारत के ऊपरी माले पर दोपहिया वाहनों के पार्ट्स और पैकेजिंग का सामान रखा हुआ था। इस वजह से आग तेजी से फैलती गई। चारों तरफ से दमकल कर्मियों ने पानी की मार की।

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू, कई वाहन जलकर खाक

इसके बावजूद लपटें तेजी से बढ़ रही थीं। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया गया। आग काबू में तो आ गई लेकिन भीतर गोदाम में रखे सामान से धुआं फिर भी उठ रहा था। बताया जाता है कि शोरूम में रखे अनेक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। देर रात तक अधिकारी जांच में जुटे थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com