

Nagpur Municipal Corporation Artificial Visarjan Tanks: नागपुर में गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए महानगरपालिका की ओर से व्यापक व्यवस्था की गई। शहर में जहां गणेश प्रतिमाओं के पर्यावरणपूरक विसर्जन के लिए 419 कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार किए गए हैं।
वहीं गणेशोत्सव के दौरान निकलने वाले निर्माल्य के वैज्ञानिक एवं पर्यावरणपूरक निपटारे के लिए 18 निर्माल्य रथ मैदान में उतारे गए हैं। फुटाला तालाब परिसर में कृत्रिम विसर्जन कुंडों का लोकार्पण महापौर नीता ठाकरे ने किया।
वहीं मनपा मुख्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने निर्माल्य रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर, शिवानी दाणी, अभिजीत झा, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, उपायुक्त राजेश भगत, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ। गजेंद्र महल्ले आदि उपस्थित थे।
नागपुर महानगरपालिका ने शहर में छोटे आकार की गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विभिन्न इलाकों में कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए हैं। वहीं बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन की सुविधा के लिए गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन टाकली, लकड़गंज क्षेत्र के कच्छी वीसा तथा कोराडी में बड़े कृत्रिम तालाब तैयार किए गए हैं।
गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्राकृतिक जलस्रोतों में करने के बजाय निर्धारित कृत्रिम कुंडों में करने से तालाबों, नदियों, कुओं और नालों में होने वाले जल प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।
नागपुर महानगरपालिका (NMC) के महापौर नीता ठाकरे ने नागरिकों से अपील की कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन तालाब, कुएं अथवा नालों में न करें। उन्होंने कहा कि मनपा ने बड़ी संख्या में कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार किए हैं।
इनका इस्तेमाल करने से प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा। कृत्रिम विसर्जन कुंडों की जानकारी डिजिटल माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है।
नागपुर महानगरपालिका के नागरिकों को अपने घर के आसपास स्थित कृत्रिम विसर्जन कुंड तलाशने के लिए भटकने की जरूरत नहीं होगी। मनपा ने इसके लिए QR कोड और डिजिटल मैप की सुविधा उपलब्ध कराई है।
QR कोड स्कैन करने के बाद नागरिकों को अपने क्षेत्र के नजदीकी कृत्रिम विसर्जन कुंड की जानकारी मिलेगी। इसमें जोन के अनुसार विसर्जन स्थलों की जानकारी और वहां पहुंचने के लिए गूगल मैप के माध्यम से दिशा-निर्देश भी उपलब्ध होंगे, मनपा ने इसके लिए विशेष वेबसाइट भी तैयार की है, जिससे नागरिक मोबाइल के माध्यम से विसर्जन कुंड की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।