Nagpur News: सुधर रहे लोग, नागपुर में हर साल कम हो रहा कचरा! मनपा ने जारी किए आंकड़े
नागपुर के बढ़ते क्षेत्र को देखते हुए मनपा ने घरों से कचरा एकत्रित करने के लिए 2 कंपनियां बीवीजी और एजी को नियुक्त किया है। मनपा के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग द्वारा 2022-23 से 2024-25 नवंबर तक के उपलब्ध कराए गए।
- Written By: आकाश मसने
नागपुर: स्वच्छता सभी के अच्छे स्वास्थ्य का मंत्र है, इसलिए हर कोई अपने घर को साफ रखने की कोशिश करता है लेकिन 2 वर्ष और 8 महीने के आंकड़ों से पता चला है कि घर का प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन 450 ग्राम कचरा निर्माण करता है। इसी अवधि के दौरान नागपुर मनपा ने कचरा संग्रहण कंपनियों को 241 करोड़ 99 लाख 19 हजार 539 रुपए का भुगतान किया है। यह भी खुलासा हुआ है कि मनपा प्रतिदिन एक व्यक्ति का कूड़ा एकत्र करने पर 90 पैसे खर्च कर रही है।
शहर के बढ़ते क्षेत्र को देखते हुए मनपा ने घरों से कचरा एकत्रित करने के लिए 2 कंपनियां बीवीजी और एजी को नियुक्त किया है। मनपा के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग द्वारा 2022-23 से 2024-25 नवंबर तक के उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, इन दोनों कंपनियों के कर्मचारी प्रतिदिन औसतन 1,321 टन कचरा एकत्रित कर रहे हैं।
दोनों कंपनियों ने इस 32 माह की अवधि में यानी 965 दिनों में कुल 12 लाख 74 हजार 970.26 टन कचरा एकत्रित किया है। मनपा के अनुसार शहर की जनसंख्या 29,40,437 है। शहर में प्रतिदिन औसतन 1,321 टन अर्थात 13,21,000 किलोग्राम कचरा उत्पन्न होता है। इस प्रकार, शहर की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए, शहर का प्रत्येक नागरिक 449 ग्राम कचरा पैदा कर रहा है।
सम्बंधित ख़बरें
महिला के गुस्से का सामना करते दिखे मंत्री गिरीश महाजन, वायरल वीडियो के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी से निपटने की तैयारी, मुख्यमंत्री फडणवीस ने किया ‘सेंटर फॉर एक्सीलेंस’ का शुभारंभ
भंडारा में NH-53 अप्रोच रोड के DPR पर गहराया संदेह, 100 साल पुराने पेड़ों की कटाई पर अब फिर से होगा नया सर्वे
अमरावती में सरकारी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, पहले दिन ही ठप पड़े दफ्तर और स्कूल
नागपुर मनपा ने 12 लाख 74 हजार 970.26 टन कचरा संग्रहण के लिए दोनों कंपनियों को कुल 241 करोड़ 99 लाख 19 हजार 539 रुपए का भुगतान किया। इन आंकड़ों पर गहराई से गौर करें तो पता चलता है कि मनपा प्रति व्यक्ति 90 पैसे खर्च कर रही है।
एजी, बीवीजी पर 7 करोड़ रुपये का जुर्माना
मनपा ने कचरा संग्रहण में अनियमितता बरतने पर एजी और बीवीजी कंपनियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की है। मनपा हर माह इन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, इसलिए ऐसा प्रतीत होता है कि यह अनियमितता लगातार जारी है।
पिछले पौने 3 साल में मनपा ने इन दोनों कंपनियों पर वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में नवंबर 2024 तक 7 करोड़ 15 लाख 83 हजार 088 रुपए का जुर्माना लगाया है। एजी कंपनी से 3,94,35,325 रुपए और बीवीजी कंपनी से 3,21,47,763 रुपए का जुर्माना वसूला गया है।
हर साल कचरे में कमी
शहर का कचरा हर साल कम हो रहा है। एजी एनवायरो कंपनी ने वर्ष 2022-23 में 2,37,295.16 टन कचरा एकत्रित किया है। वर्ष 2023-24 में 2,33,382.06 टन कचरा एकत्रित किया गया तथा 2024-25 में 8 महीनों में 1,58,930 टन कचरा एकत्रित किया गया।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
बीवीजी कंपनी ने वर्ष 2022-23 में 2,37,290.20 टन कचरा भी एकत्रित किया। 2023-24 में 2,36,162.84 टन कचरा एकत्रित किया गया और 2024-25 में 8 महीनों में 1,71,910 टन कचरा इकट्ठा किया है। ये आंकड़े बताते हैं कि हर साल कचरा कम हो रहा है।
वर्षवार कचरा, कंपनियों को दी गयी निधि
| कंपनी | वर्ष | कचरा (टन में) | निधि (रुपये में) |
|---|---|---|---|
| एजी | 2022-23 | 2,37,295.16 | 50,18,33,330 |
| एजी | 2023-24 | 2,33,382.06 | 44,85,56,645 |
| एजी | 2024-25 | 1,58,930.00 | 30,78,74,502 |
| बीवीजी | 2022-23 | 2,37,290.20 | 50,18,33,330 |
| बीवीजी | 2023-24 | 2,36,162.84 | 42,50,93,112 |
| बीवीजी | 2024-25 | 1,71,910.00 | 30,94,39,104 |
