

Eknath Shinde Campaign In Vidarbha: विदर्भ के अधिकतर हिस्सों में महायुति में भाजपा और शिवसेना का गठबंधन टूटने के बाद शिंदे सेना के नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मंगलवार को पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में पूर्वी विदर्भ का दौरा करेंगे।
अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए वे दिनभर हेलिकॉप्टर से 4 जिलों में सघन चुनाव प्रचार करेंगे। इन सभी स्थानों पर पार्टी के संबंधित जिले के नगर अध्यक्ष और नगरसेवक पद के उम्मीदवार उपस्थित रहेंगे।
भंडारा, गोंदिया और नागपुर सहित कई स्थानों पर शिंदे सेना का मुकाबला सीधे तौर पर भाजपा के उम्मीदवारों से है। भाजपा के राज्य चुनाव प्रभारी और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को ही इन दोनों जिलों में ताबड़तोड़ प्रचार किया था। अब एकनाथ शिंदे स्वयं भाजपा उम्मीदवारों के विरुद्ध प्रचार करते नजर आएंगे।
राजनीतिक समीकरण कल्याण-डोंबिवली विवाद के बाद से शिंदे सेना और भाजपा के बीच की दूरियां बढ़ गई हैं। स्थानीय चुनावों में महायुति के ये दोनों प्रमुख घटक दल एक दूसरे के उम्मीदवारों को हराने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।
नागपुर जिले में भी शिंदे सेना ने 15 नगर अध्यक्ष और 268 नगरसेवक पदों पर उम्मीदवार उतारे हैं। कई जगहों पर शिंदे सेना के मजबूत प्रत्याशी हैं जिनके लिए वे जोर लगाएंगे।
इन सभी शहरों में शिंदे सेना की सीधी टक्कर भाजपा के साथ है। इस प्रचार कार्यक्रम में उनके साथ राज्य मंत्री आशीष जायसवाल, पूर्व मंत्री डॉ. दीपक सावंत, विधायक नरेंद्र भोंडेकर, विधायक कृपाल तुमाने और शिवसेना सचिव संजय मोरे भी मौजूद रहेंगे।
महायुति में टकराव के बाद दोनों दलों (भाजपा और शिंदे सेना) के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी न करने की कड़ी चेतावनी दी है। हालांकि उपमुख्यमंत्री शिंदे उन क्षेत्रों में प्रचार करने आ रहे हैं जहां सीधा मुकाबला भाजपा से है। ऐसे में सबकी निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि शिंदे भाजपा के विरोध में खुलकर बोलेंगे या सिर्फ ‘नरम रुख’ अपनाकर अपनी बात रखेंगे।