नागपुर में पेट्रोल-डीजल के बाद अब खाद्य तेलों की कीमतों में उछाल, गृहणियों की बढ़ी चिंता

Nagpur Edible Oil Prices: नागपुर में खाद्य तेलों की कीमतों में 3 से 4 रुपये प्रति किलो तक बढ़ोतरी हुई है। सोयाबीन, पामोलिन, राइस और सरसों तेल महंगे होने से घर का बजट बिगड़ने लगा है।
After petrol and diesel, food oil prices surge in Nagpur, heightening concerns among homemakers.
नागपुर खाद्य तेल महंगा,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur Cooking Oil Price Hike: नागपुर पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और दूध के बाद अब आम आदमी को खाद्य तेलों ने भी अपना रौद्र रूप दिखा दिया है। सोयाबीन, राइस, पामोलिन, मूंगफली के साथ ही सरसों तेल की कीमतों में भी 3 से 4 रुपये प्रतिकिलो में वृद्धि हो गई है। पहले ही महंगाई डायन के चलते घर का बजट पटरी से उतर गया था।

अब ऊपर से खाद्य तेलों ने गृहणियों की और अधिक चिंता बढ़ा दी है। आये दिन वस्तुओं की कीमतों में आ रही उछाल से परेशानी बढ़ती जा रही है। इसमें सबसे अधिक आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। इससे उनका घर चलना तक मुश्किल होता जा रहा है। शादियों सीजन में इस तरह से बढ़ती महंगाई लोगों के खर्चे को काफी अधिक बढ़ा दिया है।

और अधिक सुलग सकती हैं कीमतें

तेल व्यापारी अनिल अग्रवाल के अनुसार अभी तो आयात शुल्क की खाली चर्चा भर से तेलों की कीमतों में 3 से 4 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। आने वाले कुछ दिनों में इसकी कीमतें और अधिक सुलग सकती है। जिस सोयाबीन तेल का भाव 165 रुपये प्रतिकिलो और टीन में 2,500 रुपये प्रति 15 किलो चल रहा था, वह अब बढ़कर सीधे 168 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है। इसी तरह राइस ब्रान तेल व पामोलिन तेल भी 168 रुपये प्रतिकिलो पर पहुंच गया है। इन तेलों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मूंगफली, सरसों और सनफ्लावर की कीमतों में भी उछाल आया। दिन प्रति दिन बढ़ती महंगाई के बोझ तले आम आदमी दबता जा रहा है।

होटल वालों का व्यवसाय भी चौपट

इस महंगाई से बड़े लोगों पर तो कोई असर नहीं पड़ रहा है, लेकिन मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर टूट रही है। सरकार को आम आदमी का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं, तो आने वाला समय काफी अधिक कठिन हो सकता है।

वहीं कमर्शियल सिलेंडर के साथ तेल महंगा होने से होटल वालों का व्यवसाय भी चौपट होता जा रहा है। इस तेजी के चक्कर में कई छोटे-बड़े होटल्स और ढाबे बंद हो चुके हैं। इससे बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।

तेल की कीमतों पर एक नजर

क्रमांक तेल रुपये प्रति किलो (₹) रुपये प्रति टिन (₹)
1 सोयाबीन 168 2,550
2 राइस 168 2,500
3 पामोलिन 168 2,500
4 मूंगफली 204 2,850
5 सरसों 200 2,700
6 सनफ्लावर 200 2,700
Navbharat Live
navbharatlive.com