नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला गिरफ्तार, RPF ने ऑटोमोटिव चौक से दबोचा, वजह जान रह जाएंगे दंग

Nagpur Mumbai Duronto Express: नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले आरोपी को RPF ने गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक कलह और शराब के नशे में आरोपी ने ट्रेन के कांच चकनाचूर कर दिए थे।
Duronto Express Stone Pelting
आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल अजनी ने ऑटोमोटिव चौक से धर दबोचासोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Duronto Express Stone Pelting: नागपुर से मुंबई जा रही ट्रेन 12289 दुरंतो एक्सप्रेस के 3 एसी कोच पर पत्थरबाजी करने वाले आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल अजनी ने ऑटोमोटिव चौक से धर दबोचा। आरोपी का नाम मंडला, मप्र निवासी नरेंद्र कुमार हिसाबी लाल सिरसाम (35) बताया गया है।

घटना 25 सितंबर की रात बोरखेड़ी से सिंदी के बीच रात करीब 8.46 बजे की है। वारदात में दुरंतो एक्सप्रेस के 3 एसी कोच के कांच चकनाचूर हो गये थे। सोशल मीडिया पर यात्रियों के वीडियो वायरल होने से घटना को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे थे।

नरेंद्र ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण उठाया कदम

पूछताछ के दौरान नरेंद्र ने बताया कि घटना की रात पारिवारिक विवाद के कारण वह तनाव में था और अत्यधिक शराब का सेवन किए हुए था। इसी दौरान उसने अनधिकृत रूप से बोरखेड़ी के पास रेलवे लाइन पार की और पटरी पर पड़े पत्थरों को उठाकर सामने से गुजर रही नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर मारने शुरू कर दिए।

इस पथराव में ट्रेन की खिड़की के शीशे टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और कमर्शियल विभाग समेत सभी संबंधित विभाग मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आरोपी का कोई सुराग न होने से सीनियर डीएससी मनोज कुमार ने एक विशेष टीम का गठन किया।

जिसमें अजनी आईपीएफ आरजी निपसैया, एसआईबी आईपीएफ अरुण ठवरे, एसआई आरके राम, एसआई अश्विन पवार, एएसआई अभय बेदरकर, अतुल सावंत, वसीम खान, हरविंदर सिंह और श्याम झाडोकर शामिल थे।

Duronto Express Stone Pelting
नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव, बोरखेड़ी-सिंदी के बीच तीन AC कोच के कांच टूटे, RPF ने शुरू की जांच

जांच टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली

जांच टीम ने बोरखेड़ी रेलवे स्टेशन, ब्राम्हणी गांव और बूटीबोरी क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी और मुखबिरों का जाल बिछाया। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी ऑटोमोटिव चौक स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में मिस्त्री का काम कर रहा है।

RPF टीम ने तुरंत दबिश देकर संदिग्ध को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर नरेन्द्र कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसके खिलाफ दर्ज मामलों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com