

Devendra Fadnavis Reply To Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्र सरकार के गिरने की भविष्यवाणी पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाया है। राहुल गांधी ने हाल ही में कांग्रेस की एक बैठक में दावा किया था कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अगले 10 महीनों के भीतर गिर जाएगी। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने नागपुर में मीडिया से बात करते हुए तंज कसा और राहुल गांधी की तुलना मशहूर काल्पनिक पात्र मुंगेरीलाल से कर दी।
नागपुर में एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, पुराने समय में मुंगेरीलाल के हसीन सपने नाम का एक धारावाहिक आता था, राहुल गांधी के बयान को सुनकर ठीक वैसा ही अनुभव हो रहा है। फडणवीस का इशारा साफ था कि राहुल गांधी हकीकत से दूर कल्पना की दुनिया में जी रहे हैं और केंद्र सरकार को लेकर उनके दावे पूरी तरह आधारहीन हैं।
राजनीतिक हमलों के बीच मुख्यमंत्री ने नागपुर के आर्थिक और औद्योगिक कायाकल्प पर भी जोर दिया। अवसर था नागपुर में अत्याधुनिक गोदाम लॉजिस्टिक पार्क के उद्घाटन का। इस दौरान फडणवीस ने बताया कि नागपुर कैसे भौगोलिक लाभ उठाते हुए भारत का प्रमुख लॉजिस्टिक हब बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर विशेष बल दिया कि समृद्धि महामार्ग के विस्तार से पूरे पूर्व विदर्भ की औद्योगिक तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य केवल बुनियादी ढांचा तैयार करना नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करना है। लॉजिस्टिक पार्क्स रोजगार के सबसे बड़े स्रोत होते हैं, और इस पार्क के जरिए हम विदर्भ के युवाओं के लिए सुनहरे अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करनी है, तो लॉजिस्टिक लागत को कम करना अनिवार्य है और नागपुर इसमें अपनी केंद्रीय भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।