नागपुर में किसानों के आंगन पहुंचे CM देवेंद्र फडणवीस, खेतों का मुआयना कर दी कुएं और बोअरवेल छूट की बड़ी सौगात

Devendra Fadnavis Nagpur Visit: नागपुर के लोहारी सावंगा गांव में CM फडणवीस ने किसानों संग दिवाली मनाई। सूखे से जूझते खेतों का जायजा ले 10 कुओं की मंजूरी, बोरवेल पर छूट और सहायता का ऐलान किया।
Nagpur Farmers Diwali CM Devendra Fadnavis
CM देवेंद्र फडणवीससोर्स- सोशल मीडिया, चंद्रशेखर बावनकुले
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • लोहारी सावंगा के 10 किसानों को सिंचाई कुएं मंजूर।

  • गांव में जल भंडारण तालाब बनाने की घोषणा।

  • कृषि कार्यों के लिए बोरवेल खोदने पर रोक 15 दिसंबर तक हटाई।

  • कोहली और सोनेगांव में कपास और तुअर की फसलों का जायजा लिया।

Nagpur Farmers Diwali CM Devendra Fadnavis: नागपुर जिले में जब दिवाली का प्रकाश किसानों के घरों में धुंधला धला पड़ा हुआ था, तब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी दिवाली सीधे किसानों के आंगन में मनाई।

सूखे के साये में जूझ रहे नागपुर जिले के लोहारी सावंगा गांव में रात का विश्राम करके उन्होंने किसानों से सीधा संवाद साधा, उनकी व्यथा सुनी और केवल आश्वासन न देकर प्रत्यक्ष जल योजनाओं का लाभ पहुंचाकर बड़ी राहत दी। 'सिंचाई कुएं योजना' के तहत लोहारी सावंगा के 10 किसानों को सिंचाई कुएं स्वीकृत किए गए हैं।

किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री हमारे गांव आए

इन कुओं के निर्माण से अब किसानों को सालभर पानी की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इनमें विमल शामराव खडगा, सुमन रामभाऊ थापले, रामचंद्र मधुकर घोडे, मेघनाथ भीमराव राऊत, खुशाल महादेव बरडे, धनराज सदाशिव वैद्य, तेजराव फंदी, संध्या मनोहर राऊत, रमेश चंपत काले, दानीश खान हनिफ पठाण का समावेश है।

लाभार्थी किसानों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हमारे गांव आए, हमारा दुख सुना और सीधे कुओं का लाभ प्रदान किया, यही हमारे लिए सबसे बड़ा सहारा है। इस दौरे के दौरान लोहारी सावंगा में एक जल भंडारण तालाब का निर्माण करने के निर्णय की भी घोषणा की गई।

भीषण धूप में खेतों में पहुंचे मुख्यमंत्री

नवंबर का पहला सप्ताह बीत जाने के बाद भी ठंड का अहसास नहीं है और दिन में तेज धूप के कारण राहत नहीं मिल रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री फडणवीस ने भीषण धूप में खुद खेतों में जाकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने किसानों में विश्वास जगाते हुए कहा कि वे केवल मंत्रालय में बैठने वाले मुख्यमंत्री नहीं हैं, बल्कि संकट में फंसे किसानों के साथ धरातल पर खड़े रहने वाले साथी हैं।

फसल के नुकसान पर सरकार किसानों के साथ

बारिश की कमी के कारण खेतों में कपास और तुअर (अरहर) के पौधे सूख रहे हैं, जिससे किसान बेहद चिंतित हैं। मुख्यमंत्री ने कलमेश्वर तहसील के कोहली गांव के किसान बाबूराव काले और सोनेगांव के किसान दिलीप सरोदे के खेतों का दौरा कर फसल की स्थिति जानी और आश्वासन दिया कि पीड़ित किसानों को तुरंत आवश्यक सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

7 माह की नारायणी की पहली दिवाली CM के साथ लोहारी सावंगा में किसान रामभाऊ बालपांडे और उनकी पत्नी अरुणाताई ने मुख्यमंत्री का परिवार के सदस्य की तरह आतिथ्य सत्कार किया।

उनके बेटों प्रवीण व अजय और बहुएं राणी व स्वाती ने अपने हाथों से खाना बनाकर मुख्यमंत्री को खिलाया। परिवार की 7 महीने की पोती नारायणी की यह पहली दिवाली थी, जो उसने मुख्यमंत्री के साथ मनाई। नारायणी के पिता प्रवीण ने खुशी जताते हुए कहा कि जब यह बड़ी होगी, तब हम इसे मुख्यमंत्री के साथ मनाई गई इसकी पहली दिवाली की तस्वीरें दिखाएंगे।

Nagpur Farmers Diwali CM Devendra Fadnavis
किसान परिवार के घर CM देवेंद्र फडणवीस ने मनाया भाऊबीज, अरुणाताई ने बोली- अगली दिवाली पत्नी को भी साथ लाइए

जलयुक्त शिवार को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पीने के पानी और मवेशियों के चारे की समस्या के हल में मदद करने वाले गांवों को सरकार पूरा सहयोग करेगी। सरपंचों द्वारा दिए गए सुझावों और जल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू किया जाएगा।

जल जीवन मिशन को तरजीह

जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त बजट न मिलने के कारण कुछ काम अटके थे, जिन्हें अब प्राथमिकता पर पूरा किया जा रहा है। जिन गांवों में 75 से अधिक टंकियों का काम पूरा हो चुका है, वहां तुरंत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Nagpur Farmers Diwali CM Devendra Fadnavis
जल जीवन मिशन के बकाया बिलों पर ठेकेदारों का हंगामा, नागपुर जिला परिषद में हाथापायी तक पहुंचा विवाद

बोरवेल पर लगी रोक 15 दिसंबर तक हटाई

वर्तमान सूखे की स्थिति को देखते हुए, एक विशेष मामले के रूप में, फसलों और पेड़ों को जीवित रखने के उद्देश्य से केवल कृषि कार्यों के लिए बोअरवेल खोदने पर लगी रोक को 15 दिसंबर तक हटाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की इसके अलावा, नरखेड तहसील के लोहारी सावंगा में ग्राम पंचायत सरपंचों के साथ बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में पशु अस्पतालों की कमी का मुद्दा उठाया, इस पर मुख्यमंत्री ने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को तुरंत निरीक्षण कर निर्णय लेने के निर्देश दिए।

ब्लैकमेल करने वालों को भेजेंगे जेल

बैठक के दौरान कुछ महिला सरपंचों ने शिकायत की कि कुछ लोग खुद को पत्रकार बताकर उनसे पैसों की मांग कर रहे है। इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि ब्लैकमेल करके पैसे मांगने वालों को सीधे जेल में डाला जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को इस मामले पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।