

Nagpur Municipal Corporation: नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमृत-2 के तहत चल रहे सभी कार्यों को मार्च 2027 तक किसी भी हालत में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं। इसके साथ ही उन्होंने सड़क खुदाई और उसके बाद समतलीकरण की कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करने का निर्देश भी दिया।
नागपुर शहर में 'अमृत 2' योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों तथा पोहरा नदी के प्रदूषण उन्मूलन और पुनर्जीवन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में रामगिरी में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में 'अमृत 2' योजना के तहत शहर में चल रहे सड़क खुदाई और उसके बाद किए जा रहे समतलीकरण के संदर्भ में नगरसेवकों ने अपने-अपने प्रभागों में खुदाई से जुड़ीं समस्याएं सामने रखीं।
नगरसेवकों ने रिंग रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर भी नाराजगी जताई। विधायक प्रवीण दटके ने नागरिकों को हो रही परेशानी पर नाराजगी व्यक्त की। वहीं स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी वखरे ने बारिश के दौरान नागरिकों को हुई परेशानी की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैठक में मनपा आयुक्त विपिन इटनकर, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, मुख्यमंत्री की ओएसडी आशा पठान, मुख्य अभियंता संभाजी माने, कार्यकारी अभियंता नीता ठाकरे, मुख्य अभियंता लीना उपाध्ये, नगरसेवक तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सीएम ने भविष्य में होने वाली सड़क खुदाई और उसके बाद समतलीकरण की प्रक्रिया के लिए संबंधित सभी विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर एक व्यापक और सख्त 'नीति' तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। साथ ही सभी कार्यों के लिए संबंधित विभागों के बीच उचित समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, इटनकर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से 'अमृत 2' योजना के कार्यों के साथ-साथ पोहरा नदी के प्रदूषण उन्मूलन और पुनर्जीवन परियोजना की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विभिन्न स्थानों पर बनाए जाने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की जानकारी भी दी। आयुक्त ने बताया कि जयताला में 10 एमएलडी और चिखली में 35 एमएलडी क्षमता के एसटीपी बनाए जाएंगे। इसके अलावा चिचभवन, बीडीपेठ और सोमलवाड़ा में पंपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।