

Nagpur Sitabuldi Fraud Police Station: नागपुर जिले के न्यूज चैनल में पार्टनर बनाने और निवेश पर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर मेडिकल स्टोर संचालक से 20 लाख रुपये ठगी गई। रकम वापस मांगने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पिस्तौल तानकर 50,000 रुपये लूटे गए और जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में सीताबर्डी पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया, है। दोसर भवन चौक निवासी निशांत प्रमोद गुप्ता (43) की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों में रितेश बोरकर, प्रमोद भागचंदानी, विजय खवसे, रिंकू पानतावणे, उमेश यादव, सुजीत भोयर और सुनील मांगलकर का समावेश है। इस प्रकरण के बाद प्रमोद भागचंदानी दोबारा चर्चा में आ गया है। पिछले 4 दिनों में उसके खिलाफ यह तीसरी एफआईआर दर्ज हुई है।
नागपुर जिले में निशांत मेयो अस्पताल के सामने कांचन मेडिकल स्टोर चलाते हैं। वर्ष 2022 में उनकी पहचान मीडियाकर्मी रितेश बोरकर से हुई थी। रितेश ने स्वयं को महा न्यूज 7 चैनल का संचालक बताते हुए निशांत को निवेश के लिए तैयार किया। बाद में उसने बताया कि चैनल को आगे बढ़ाने के लिए निवेशकों की जरूरत है और इसमें अच्छा मुनाफा मिलेगा।
रितेश के कहने पर उन्होंने अलग-अलग समय में नकद, ऑनलाइन और आरटीजीएस के जरिए करीब 20 लाख रुपये दिए। इसके अलावा उन्होंने अपने परिचित अनिल पटेल से भी 2 लाख रुपये लेकर रितेश को दिए थे। रितेश ने पार्टनरशिप डीड तैयार करने की बात कही और सुरक्षा के तौर पर एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरित कोरा चेक भी लिया।
कुछ समय बाद जब गुप्ता ने निवेश की रकम और मुनाफे के बारे में पूछना शुरू किया तो रितेश टालमटोल करने लगा। 15 मई 2025 को रितेश ने निशांत को न्यूज चैनल के कार्यालय में बुलाया, वहां रितेश बोरकर के अलावा उमेश यादव, सुजीत भोयर, सुनील मागलकर, रिंकू पानतवणे, प्रमोद भागचंदानी और विजय खबसे मौजूद थे।
निशांत ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने मालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी, प्रमोद भागचंदानी ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया और जेब से नकद 50,000 रुपये निकाल लिए, जबकि रिकू पानतावणे ने अपने कपड़े फाड़कर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। नागपुर पुलिस जांच कर रही है।