

MIDC Nagpur Accident: नागपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से शहर में हिट एंड रन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अज्ञात वाहन चालकों की टक्कर से लोगों की जान जा रही है। 24 घंटे के भीतर शहर में हिट एंड रन के 3 मामले सामने आए जिसमें निजी संस्थानों में काम करने वाले 3 लोगों की मौत हो गई। 2 हादसे एमआईडीसी और 1 पारडी थानांतर्गत हुआ।
नागपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है। पहली घटना एमआईडीसी थानांतर्गत हिंगना रोड के राजीवनगर बस स्टॉप के पास हुई। मृतक लालबर्रा, बालाघाट निवासी मुकेश रूपचंद कणसरे (30) बताया गया। वह एमआईडीसी की निजी कंपनी में काम करता था।
सोमवार की रात 10.15 बजे के दौरान एमआईडीसी थाने के बीट मार्शल परिसर में गश्त कर रहे थे। रॉयल होटल के सामने पुलिस को मुकेश जख्मी अवस्था में दिखाई दिया। उसे उपचार के लिए एम्स अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने जांच करते ही मृत घोषित कर दिया। जांच-पड़ताल में अज्ञात वाहन चालक द्वारा टक्कर मारे जाने का पता चला। पुलिस ने मुकेश के परिजनों को सूचना दी और उसके रिश्तेदार शैलेंद्र बसेने की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
नागपुर जिले में तीसरी घटना मंगलवार की सुबह 9.30 बजे के दौरान सेंट्रल एमआईडीसी रोड पर हुई। मृतक बगदादीनगर, झिंगाबाई टाकली निवासी एजाजुद्दीन अमानुद्दीन काजी (40) बताए गए। एजाज हिंगना एमआईडीसी की फायब्रोमैक्स कंपनी में काम करते थे।
रोज की तरह मंगलवार को अपनी मोटरसाइकिल क्र. MH.40-AN. 9971 से काम पर जाने के लिए निकले। सेंट्रल महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एजाज को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने जांच करते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एजाज के साले एहफाज खान की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरी घटना पारडी थानांतर्गत नागपुर-जबलपुर आउटर रिंग रोड पर पगारिया बिल्डिंग के पास हुई। मृतक लखीमपुर, यूपी निवासी प्रद्युमन सिंह हीरालाल सिंह (26) बताया गया।
वह कलमना के धारगांव में स्थित सीएम कोल्ड स्टोरेज में काम करता था और वहीं रहता था। सोमवार की रात 9.30 बजे के दौरान ईदी बाइक से आउटर रिंग रोड होते हुए कंपनी में जा रहा था।
पगारिया बिल्डिंग के समीप अज्ञात चारपहिया चाहन चालक ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया।
प्रद्युमन को उपचार के लिए मेयो अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके सहयोगी पवन सिंह चौहान की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।