'नागपुर से देंगे वोट चोरी के सबूत', कांग्रेस छान रही मतदाता सूची, गुडधे बोले- शाम को हुई थी गड़बड़ी

Maharashtra Politics: राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा सीट पर गड़बड़ी उजागर करने का दावा कांग्रेस कर रही है।
Congress leader Praful Gudhe said give proof of vote theft from Nagpur
नागपुर के कांग्रेस भवन में मौजूद पार्टी कार्यकर्ता (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Nagpur News: राहुल गांधी द्वारा विधानसभा चुनाव में आयोग व भाजपा द्वारा मिलीभगत कर ‘वोटों की चोरी’ आरोप लगाया जा रहा है। भाजपा भी पलटवार कर रही है लेकिन अब कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा सीट की तर्ज पर ही नागपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ता यहां भी तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की दक्षिण-पश्चिम सीट पर भी इसी तरह की गड़बड़ी उजागर करने का दावा किया जा रहा है जिसकी अंतिम तैयार चल रही है।

नागपुर की कुछ सीटों की मतदाता सूची की सॉफ्टकाॅपी इकट्ठा करने व उसकी जांच का काम कांग्रेसी कार्यकर्ता कर रहे हैं। दक्षिण-पश्चिम सीट से सीएम के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले प्रफुल गुडधे ने इसकी तैयारी की है। उनके अनुसार लगभग 4,500 मतदाताओं के नाम 2-2 बार हैं। अंतिम दिनों में सूची में शामिल किए गए नये मतदाताओं की संख्या 33,712 है। जीरो एड्रेस वाले वोटर्स लगभग 30,000 हैं।

लोकसभा चुनाव व विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की बढ़ी हुई संदेहजनक आकड़ेवारी निकाली गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसे मतदाताओं के पते पर जाकर जांच करने वाले हैं। इससे बोगस मतदान व संदेहास्पद आंकड़ेवारी उजागर होगी।

पारदर्शी व अचूक सूची के लिए अभियान

कांग्रेस ने मतदाता सूची में पारदर्शिता व अचूकता के लिए अभियान शुरू किया है। अनेक सीटों में लगभग समान मतों से हार होने के चलते गड़बड़ी किए जाने के संदेह को बल मिलने की बात कांग्रेसी कार्यकर्ता कह रहे हैं, इसीलिए घर-घर जाकर वोटरों की जानकारी लेने का अभियान शुरू किया गया। बताते चलें कि इसके पूर्व भी बढ़े हुए मतदाताओं के संदर्भ में सभी 6 सीटों की रिपोर्ट दिल्ली भेजी गई थी। अब जो महादेवपुरा पैटर्न पर वोटर्स की जांच की जा रही है उसकी रिपोर्ट भी दिल्ली भेजी जाएगी।

6 महीनों में बढ़े मतदाताओं की संख्या

क्रमांक विधानसभा सीट मतदाता संख्या
1 नागपुर दक्षिण-पश्चिम 34,833
2 नागपुर पूर्व 31,219
3 नागपुर मध्य 25,320
4 नागपुर उत्तर 23,421
5 नागपुर पश्चिम 23,010
6 नागपुर दक्षिण 21,930

क्या बोले प्रफुल्ल गुडधे?

कांग्रेस नेता प्रफुल्ल गुडधे ने कहा कि शहर की सभी 6 विधानसभा सीटों पर बड़ी संख्या में मतदाता बढ़े। नागपुर में शाम के बाद बड़े पैमाने पर वोटिंग हुई। इसमें गड़बड़ी किये जाने की आशंका थी। जिस तरह से चुनाव परिणाम आए उसके बाद हमने न्यायालय की दौड़ लगाई। अब महादेवपुरा पैटर्न से वोट चोरी का मामला उजागर करने की तैयारी है।

कांग्रेस करेगी वोट चोरी का प्रचार

शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा देवड़िया भवन में राहुल गांधी द्वारा किस तरह वोटों की चोरी का खुलासा किया गया उसे समझा गया। पार्टी कार्यालय में राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा वीडियो दिखाया गया। अब कांग्रेस किस तरह वोटों की चोरी की गई उसका प्रचार अभियान शुरू करेगी।

इस दौरान प्रशांत धवड, संदीप सहारे, दिनेश बानाबाकोडे, रमेश पुणेकर, नैश नुसरत, विवेक निकोसे, इरशाद अली, अभय रणदिवे, निखिल धांदे, महेश श्रीवास, वासुदेव ढोके, लंकेश उके, गोपाल पट्टम, मोतीराम मोहाडीकर, पृथ्वी मोटघरे, मेहुल अडवानी, रिंकू जैन, रवि पराते, आप्पा मोहिते, शिवशंकर रणदिवे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com