

बोर टाइगर रिजर्व के ढगा बफर क्षेत्र में वज्र और अघोर की अच्छी मौजूदगी दर्ज हो रही है।
दोनों युवा नर बाघ पार्वती बाघिन और विराट के शावक बताए गए हैं।
करीब 16–17 महीने के दोनों बाघ सफारी मार्ग पर नजर आ रहे हैं।
वन्यजीव छायाकार नितिन बरापात्रे और पीयूष आकरे ने उनकी तस्वीरें कैमरे में कैद कीं।
Dhaga Buffer Zone Nagpur: बोर टाइगर रिजर्व के ढगा बफर क्षेत्र में इन दिनों बाघों की मौजूदगी वन्यजीव प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां पार्वती नामक टी-60 बाधिन के 2 युवा नर शावक 'वज्र' और 'अघोर' अपने दमदार अंदाज और बेखौफ चाल से पर्यटकों का मन मोह रहे हैं।
दोनों बाघों के आसानी से नजर आने से ढगा बफर क्षेत्र की चर्चा वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ने लगी है। ये युवा बाघ बोर टाइगर रिजर्व में अपनी रियासत मजबूत कर रहे हैं। करीब एक वर्ष पहले सफारी के लिए शुरू किए गए ढगा बफर क्षेत्र में हाल के दिनों में बाघों के दीदार के अवसर मिल रहे हैं।
इससे बोर टाइगर रिजर्व की ओर वन्यजीव प्रेमियों, पर्यटकों और बाघों की तस्वीरें लेने वाले फोटोग्राफरों का रुझान बढ़ रहा है। नागपुर और वर्धा से जुड़े होने के कारण यह क्षेत्र कम समय में जंगल सफारी का रोमांच अनुभव करने वालों के लिए भी पसंदीदा विकल्प बनता जा रहा है।
बता दे कि ढगा बफर क्षेत्र की प्रसिद्ध बाधिन पार्वती और प्रभावशाली नर बाघ विराट के 3 शावक है। इनमें करीब 16-17 माह के वज और अधोर इन दिनों पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।
जंगल की पगडंडियों और सफारी मार्ग पर शाही अंदाज में चलते इन दोनों युवा बाघों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठते हैं। उनकी आकर्षक मौजूदगी वन्यजीव छायाकारों को भी बेहतरीन तस्वीरें लेने का अवसर दे रही है।
हाल ही में जंगल सफारी के दौरान वज्र और अघोर सफारी मार्ग पर 'रोड शो' करते नजर आए, वन्यजीव छायाकार नितिन बरापात्रे और पीयूष आकरे ने युवा बाघों के जंगल में विचरण करते हुए मनमोहक पलों को अपने कैमरे में कैद किया। इन तस्वीरों के जरिए दोनों युवा बाघों की खूबसूरती, उनकी शाही चाल और प्राकृतिक व्यवहार को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।