Nagpur News: बजाजनगर में हैप्पी फूड स्ट्रीट बना अराजकता का अड्डा! अवैध स्टाल और स्टंट से जनता परेशान

Walkway Encroachment Nagpur: बजाजनगर फूड स्ट्रीट पर अवैध स्टाल, धूम्रपान, स्टंट और देर रात तक हंगामा होता रहता है। वॉकवे पर कब्ज़ा और ट्रैफिक जाम से निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Walkway Encroachment Nagpur: बजाजनगर फूड स्ट्रीट पर अवैध स्टाल, धूम्रपान, स्टंट और देर रात तक हंगामा होता रहता है। वॉकवे पर कब्ज़ा और ट्रैफिक जाम से निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागपुर न्यूज
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Food Street Violation: बजाजनगर में स्थानीय प्रशासन ने बेहतरीन रूप से वॉकवे का निर्माण किया है। इसी प्रकार वीएनआईटी गेट के सामने भी बेहतरीन सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं। दोनों ही स्थान पर हैप्पी फूड स्ट्रीट की संकल्पना को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है परंतु प्लानिंग के अभाव में यह अवैध स्टालों का अड्डा बनती जा रही है।

इतना ही नहीं बनने के बाद इसका उद्घाटन भी नहीं हुआ है और लोग कब्जा भी करने लग गए हैं। निर्माण और स्पेस को देखकर लोग आ रहे हैं परंतु स्वेच्छा की भारी कमी दिखाई देने लगी है। इस स्थान को देखकर ऐसा लगने लगा है कि मनपा ने निर्माण कार्य कर जगह से मुंह मोड़ लिया है। इससे जहां राजस्व का नुकसान हो रहा है वहीं सुंदरता पर ग्रहण भी लगने लग गया है।

हैप्पी स्ट्रीट पर अवैध कब्जा

स्थानीय निवासियों का यह भी आरोप है कि वीएनआईटी गेट से बजाजनगर चौक तक का शांत रास्ता जहां पहले केवल सामान्य यातायात होता था, अब यातायात जाम और सड़क पर उपद्रवी व्यवहार के कारण अराजकता का केंद्र बन गया है। इसका मुख्य कारण हैप्पी स्ट्रीट पर अवैध कब्जा ही है। उन्होंने शिकायत की कि सड़क के किनारे विकसित किए गए वॉकवे पर अवैध रूप से आए अनगिनत चाय और स्नैक स्टालों पर देर रात तक आने वाले युवाओं के समूहों के कारण क्षेत्र की शांति भंग हो गई है। निवासियों का कहना है कि ये समूह खुले में धूम्रपान करके, तंबाकू चबाकर, सड़क पर थूककर और बाइक स्टंट करके उपद्रव मचाते हैं।

महिलाओं के लिए खतरा

उन्होंने आरोप लगाया कि फुटपाथ पर पूरी तरह से उपद्रवियों का कब्ज़ा हो गया है जिससे पैदल चलने वालों के लिए कोई जगह नहीं बची है। आसपास की इमारतों के निवासियों का कहना है कि अवैध पार्किंग और भीड़भाड़ के कारण अक्सर हमारी गलियों के प्रवेश द्वार अवरुद्ध हो जाते हैं। एक स्थानीय निवासी के अनुसार रात 8 से 11 बजे के बीच बाहर निकलना असंभव है। घरों की महिलाएं इस रास्ते पर जाने से बचती हैं क्योंकि ये गुंडे खुलेआम धूम्रपान करते हैं, हर जगह तंबाकू थूकते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं लेकिन कोई भी दुकानदार हस्तक्षेप नहीं करता।

बिना अनुमति चल रहे

निवासियों ने आरोप लगाया कि ये फूड स्टाल वॉकवे पर बिना किसी अनुमति के चल रहे हैं। उनका कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहन यातायात की आवाजाही में बाधा डालते हैं और मोटर चालकों और इस रास्ते पर कब्ज़ा करने वाले समूहों के बीच तीखी बहस छिड़ जाती है।

बजाजनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों का कहना है कि एनएमसी पार्क शाम को भीड़ को आकर्षित करता है। पुलिस को अक्सर धूम्रपान और उपद्रव के बारे में शिकायतें मिलती हैं लेकिन हम लोगों को सार्वजनिक स्थान पर होने से नहीं रोक सकते। निवासियों को असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन शाम 7 से रात 9.30 बजे तक पुलिस गश्त की जाती है।

स्थानीय निवासियों ने जोर देकर कहा कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद उपद्रव जारी है। उन्होंने बताया कि ‘रील' बनाने, सड़क स्टंट के दौरान बाइक के इंजन को तेज आवाज में घुमाने की प्रवृत्ति से यह रास्ता पैदल चलने वालों और मोटर चालकों दोनों के लिए तेजी से असुरक्षित होता जा रहा है।