महबूबा की फरमाइश पर नागपुर का धूम स्टाइल: चोरी की बाइक पर आशिकी का सफर, पुलिस ने 1 घंटे में किया द एंड!
Nagpur Ajni Police Bike Theft: नागपुर की अजनी पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी के 5 वाहन बरामद किए हैं। आरोपी स्पोर्ट्स बाइक चुराकर अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए उनका इस्तेमाल करता था।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर, अजनी पुलिस, वाहन चोरी, (सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Nagpur Ajni Police Sports Bike Vehicle Theft: नागपुर के अजनी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओम उर्फ रवि नरेंद्र येड़े (21), निवासी गाड़ीखाना, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी महंगी स्पोर्ट्स बाइक चुराकर अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाता था और इसी शौक को पूरा करने के लिए लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
दोस्त से मिलने गया, लौटकर देखा तो बाइक गायब
पुलिस के अनुसार, लाड़ीकर लेआउट निवासी अजय संजय पाटिल तीन दिन पहले अपने दोस्त से मिलने शताब्दी चौक पहुंचे थे। देर रात होने के कारण वह वहीं रुक गए। इसी दौरान अज्ञात चोर उनकी एमएच-49-बीएफ-9867 नंबर की मोटरसाइकिल चुराकर फरार हो गया। अजय की शिकायत पर अजनी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और गोपनीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपी ओम चोरी की गई बाइक चलाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में बजट प्रबंधन पर CAG की रिपोर्ट से मची हलचल, स्वास्थ्य विभाग का 78% बजट खाली; सीएम फडणवीस सख्त
इथेनॉल मिक्स पेट्रोल पर सियासत तेज; E-20 पेट्रोल के खिलाफ नागपुर में AAP का मोर्चा, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
NCP में पावर वॉर! पार्टी नेता उठाए सुनेत्रा के नेतृत्व पर सवाल, आखिर क्या चल रहा है खेल?
नागपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: मालगाड़ी पर चढ़े व्यक्ति को 25 हजार वोल्ट का करंट, हालत गंभीर
5 चोरी की बाइक बरामद
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अजनी थाना क्षेत्र से तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी चोरी की थीं। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुल पांच चोरी के वाहन बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने अन्य थाना क्षेत्रों में भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
पहले भी जा चुका है जेल
जांच में सामने आया कि ओम इससे पहले भी बजाजनगर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। बावजूद इसके उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा और फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा। पुलिस के मुताबिक आरोपी विशेष रूप से स्पोर्ट्स बाइक को निशाना बनाता था और उन्हें अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए इस्तेमाल करता था।
यह भी पढ़ें:-इथेनॉल मिक्स पेट्रोल पर सियासत तेज; E-20 पेट्रोल के खिलाफ नागपुर में AAP का मोर्चा, कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
इन अधिकारियों ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई अजनी थाना प्रभारी निरीक्षक नितिनचंद्र राजकुमार के मार्गदर्शन में प्रभाकर कवाले, पीएसआई सिद्धांत मस्के, संतोष वाघमारे, हेड कांस्टेबल शालीराम शेंडे, अश्विन सहारे, नितिन सोमकुंवर, प्रवीण खवसे, रोशन वाड़ीभस्मे, हिमांशु पाटिल और अभिषेक पांडे की टीम ने की।
