

पांच प्रमुख बस डिपो के विकास के लिए 13.84 करोड़ रुपये मंजूर।
वाठोडा, खापरी, वाडी, हिंगना और कारखाना क्षेत्र में पांच CNG पंप बनेंगे।
CNG पंपों पर निजी वाहन चालक भी ईंधन भरवा सकेंगे।
शहर में बसों की संख्या बढ़कर 825 हुई।
10 बसों की एक साथ बुकिंग पर 20% छूट मिलेगी।
65 स्मार्ट किऑस्क परिवहन विभाग को हस्तांतरित होंगे।
Aapli Bus Rental Booking Rates: नागपुर मनपा की परिवहन समिति द्वारा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने के लिए मंगलवार को हुई परिवहन समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी प्रदान की गई।
मनपा परिवहन विभाग के अंतर्गत आने वाले मोरभवन सहित शहर के भीतर और बाहर स्थित बस डिपो में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 13.84 करोड़ रुपये के प्रशासकीय प्रस्ताव को परिवहन समिति द्वारा मंजूरी दी गई।
इसके साथ ही शहर में बीओटी तर्ज पर 5 नए सीएनजी पंप स्थापित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दिखाई गई है। सभापति मंगला खेकरे, बंडू राऊत, सदस्य विजय होले, अतिरिक्त आयुक्त व परिवहन प्रबंधक मिलिंद मेश्राम, कार्यकारी अभियंता अल्पना पाटणे, प्रशासनिक अधिकारी योगेश लुंगे और प्रबंधक राजीव घटाले उपस्थित थे।
सभापति खेकरे ने कहा कि शहर में बस परिवहन की बढ़ती जरूरतों, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने तथा बसों की पार्किंग, रखरखाव और संचालन को अधिक कार्यक्षम बनाने के लिए बस डिपो में बुनियादी ढांचा विकसित करना बेहद आवश्यक हैं।
इस योजना के तहत नए हिंगना बस डिपो, खापरी बस डिपो, मोरभवन बस डिपो, पुराने हिंगना बस डिपो और कोराडी बस डिपो में 13.84 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।
नागपुर शहर के मध्य में स्थित मोरभवन बस डिपो में यात्रियों को धूल की समस्या से निजात दिलाने के लिए भूमि समतलीकरण और कंक्रीटीकरण किया जाएगा, बंडू राऊत द्वारा रखे गए इस प्रस्ताव को समिति के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी।
आम वाहनों के लिए भी उपलब्ध होंगे सीएनजी पंप मनपा परिवहन विभाग के वाठोडा, खापरी, वाडी, हिंगना और कारखाना विभाग स्थित भूखंडों पर बीओटी मॉडल के तहत सीएनजी पंप विकसित किए जाएंगे। इन पंपों की खासियत यह होगी कि यहां केवल बसें ही नहीं बल्कि आम सीएनजी वाहन चालक भी ईंधन भरवा सकेंगे। इसके लिए जल्द ही टेंडर आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है।
वित्तीय समीक्षा के अनुसार जून से सितंबर 2026 की अवधि के लेखा-जोखा परीक्षण के बाद सितंबर के अंत में 8.20 करोड़ रुपये की शेष राशि दर्ज की गई है जो अन्य महानगरपालिकाओं की तुलना में कम खर्च दर्शाती है।
वितीय वर्ष 2026-27 के लिए बस संचालन हेतु 108,51 करोड़ रुपये की निधि प्राप्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि शहर में बसों की कुल संख्या 430 से बढ़कर अब 825 तक पहुंच गई है।
आपली बस' परिवहन सेवा के अंतर्गत विशेष या प्रासंगिक अनुबंधों पर बसें उपलब्ध कराने के लिए संशोधित दरें तय की गई हैं।
इसके तहत 25 सीटर मिनी डीजल बस को 8,000 रुपये में पूरे दिन के अनुबंध पर दिया जाएगा।
इसके अलावा मिडी ई-बस और स्टैंडर्ड एका ई-बस को भी पूरे दिन के लिए किराये पर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
यदि कोई समूह एक साथ 10 बसों की बुकिंग करता है तो उसे निधर्धारित दरों पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
नागपुर सेफ एंड स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बस शेल्टरों और अन्य स्थानों पर स्थापित 65 किऑस्क का निरीक्षण करने के बाद उन्हें परिवहन विभाग को हस्तांतरित करने को मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त बढ़ती बसों के सुचारु संचालन के लिए वाठोडा-2 और खापरी-2 नामक 2 अतिरिक्त डिपो के निर्माण को मंजूरी दी गई जिससे शहर में कुल बस डिपो की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।