नागपुर. आर्थिक वर्ष खत्म होने के लिए अब केवल 8 दिन का समय बचा हुआ है. जिससे सम्पत्ति कर से प्रस्तावित आय प्राप्त करने के लिए अब प्रत्येक जोनल कार्यालयों की ओर से सम्पत्ति कर वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया. मंगलवार को लक्ष्मीनगर जोन की ओर से वसूली अभियान में चिंचभवन में 53 ओपन प्लॉट की जब्ती को अंजाम दिया गया.
बताया जाता है कि नियमों के अनुसार इन ओपन प्लॉट के मालिकों को जोनल कार्यालय की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया गया. लंबे समय से डिमांड जारी होने तथा बकाया टैक्स भरने के लिए पर्याप्त समय देने के बावजूद अब तक बकाया अदा नहीं किया गया. जिससे जब्ती वारंट जारी कर कार्रवाई की गई.
बताया जाता है कि इन भूखंड धारकों पर वर्ष 2014 से सम्पत्ति कर का बकाया चल रहा है. वर्ष 2022 को लेकर जारी डिमांड के अनुसार सभी भूखंडधारकों को मिलाकर कुल 37.25 लाख का बकाया है. मनपा की ओर से नियमों के अनुसार कार्रवाई पूरी की गई है. जब्ती के बावजूद बकाया कर अदा करने के लिए सम्पत्तिधारकों को कुछ समय दिया गया है. यदि इस समयावधि में बकाया नहीं किया गया, सम्पत्तियों की नीलामी की जाएगी. नीलामी से प्राप्त निधि से बकाया कर वसूली की जाएगी.
कार्रवाई में सहायक आयुक्त गणेश राठोड के मार्गदर्शन में धनजंय जाधव, सविता गणोरकर, कवडू बहादुरे, संजय कापगते, मिलन तांबे, पंकज फुटाने, प्रमोद मोगर, पंजाब मस्के, सियालाल चौधरी और राजू लोखंडे ने हिस्सा लिया.