बकायादारों पर कसता जा रहा शिकंजा, नागपुर में 12 संपत्तियों की होगी नीलामी

Nagpur News: नागपुर महानगर पालिका के लकड़गंज जोन की ओर से 13 संपत्तिधारकों को अल्टीमेटम दिया गया। यदि बकाया अदा नहीं किया गया तो इन संपत्तियों की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी।
12 properties will be auctioned in Nagpur
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Property Tax News: नागपुर महानगर पालिका की ओर से एक ओर जहां संपत्ति धारकों को अभय योजना का लाभ देने की वकालत की जा रही है तो वहीं दूसरी ओर अभय योजना का लाभ न लेकर बकाया ज्यों का त्यों रखने वाले संपत्ति धारकों पर अब शिकंजा कसना शुरू हो चुका है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मनपा के लकड़गंज जोन की ओर से 13 संपत्तिधारकों को अल्टीमेटम दिया गया। यदि बकाया अदा नहीं किया गया तो इन संपत्तियों की सार्वजनिक नीलामी की जाएगी।

इस वजह से बकायादारों में अब हड़कंप मचा हुआ है। बताया जाता है कि इन संपत्ति धारकों पर 48.34 लाख रुपये का बकाया होने के कारण इनकी संपत्तियां जब्त की गई हैं।

समय समाप्त, अब होगी नीलामी

मनपा के टैक्स विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार संपत्तियां जब्त किए जाने के बाद बकायादारों को नोटिस जारी किया गया था। इसमें नियमों के अनुसार बकाया अदा करने का अंतिम मौका भी दिया गया किंतु बकायादारों की ओर से मनपा की इस कार्रवाई को हल्के में लिया गया जिससे पारडी के चिखली देवस्थान स्थित इन संपत्तियों की अब नीलामी होगी।

सभी संपत्तिधारकों को 31 जुलाई तक बकाया अदा करने का समय दिया गया है अन्यथा महाराष्ट्र महानगर पालिका अधिनियम, 1949 की अनुसूची 'डी' के अध्याय 8 के नियम 45 के उप-नियम (1) के तहत इन संपत्तियों की सार्वजनिक नीलामी (नमूना ए) द्वारा बकाया राशि वसूल की जाएगी।

नागपुर उपायुक्त मिलिंद मेश्राम के निर्देशानुसार और जोन के सहायक आयुक्त विजय थुल के मार्गदर्शन में अधीक्षक रोशन अहिरे, भूषण मोटघरे, मनीष तायवाड़े, लालप्पा खान और राज सम्राटवार ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।

यहां देखें पूरी लिस्ट

क्रमांक बकायेदार बकाया राशि (रु.)
1 प्रन्यास एवं ओमप्रकाश मैनानी 4,10,191
2 चंद्रभागा कोऑपरेटिव सोसाइटी 71,672
3 स्पंदन बिजनेस प्रा. लि. 81,711
4 इनायतुल्ला चिस्ती एंड सन्स 2,17,868
5 भैया ढोबले एवं अन्य 1,74,248
6 सोभगमल मालु एवं अन्य 5,36,134
7 मनोज चुग 1,43,915
8 गंगाराम खुंगर एवं अन्य 9,75,655
9 आदिवासी समाज उन्नति संस्था 62,288
10 आदिवासी समाज उन्नति संस्था 67,700
11 हरविंदरसिंह मथारू 2,36,703
12 हिन्दुस्थान विद्या मंडल 6,18,728
13 ए.एस. विरदी इंजीनियरिंग वर्क्स 6,18,340

एक दशक से अधिक समय से बकाया

उल्लेखनीय है कि लकड़गंज जोन की ओर से बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार यहां गृह निर्माण संस्थाओं द्वारा लोगों को नोटिस तो जारी किए गए लेकिन संपत्ति कर अदा नहीं किया गया। संपत्तिधारकों पर लगभग 8 से 10 वर्षों से अधिक समय से बकाया चल रहा है।

संपत्तिधारकों को इसके पूर्व कई बार नोटिस जारी कर सूचना दी गई किंतु बकाया अदा नहीं किया गया। अब बकाया अदा करने का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि बकाया नहीं भरा गया तो जब्ती की कार्रवाई करने की जानकारी जोनल कार्यालय की ओर से दी गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com