पश्चिम रेलवे ने बनाया रिकॉर्ड, बेटिकट यात्रियों से वसूला 209.30 करोड़ का जुर्माना

Western Railway: पश्चिम रेलवे ने वित्त वर्ष 2025-26 में बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ सघन अभियान चलाकर 32.74 लाख मामलों का पता लगाया और रिकॉर्ड 209.30 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला।
western railway ticket checking record 209 crore fine without ticket travel
Western Railway 209 crore penalty (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Local Ticketless Travel: मुंबई पश्चिम रेलवे ने बेटिकट एवं अवैध यात्रा करने वालों पर लगाम लगाते हुए नया रिकॉर्ड भी बनाया है। अवैध यात्रा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ वाणिज्य अधिकारियों के मार्गदर्शन में टिकट चेकिंग स्टाफ की टीम ने निरंतर अभियान चलाकर रिकॉर्ड 209.30 करोड़ का जुर्माना वसूल किया है।

32.74 लाख मामले पकड़े

मुंबई लोकल ट्रेनों, लंबी दूरी की मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों, यात्री सेवाओं तथा हॉलिडे स्‍पेशल ट्रेनों में सघन टिकट चेंकिंग अभियान चलाया गया। पश्चिम रेलवे द्वारा वित्त वर्ष 2025–26 में बिना बुक किए गए सामान के मामलों सहित बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के कुल 32.74 लाख मामलों का पता लगाया गया। टिकट जांच अभियानों के माध्यम से रिकॉर्ड 209.30 करोड़ का जुर्माना वसूल किया गया। पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 39% की वृद्धि हुई है। उल्लेखनीय है कि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य 11 महीनों में ही प्राप्त कर लिया गया ।

मार्च में 2.87 लाख मामले

पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक के अनुसार, इस गति को बनाए रखते हुए मार्च 2026 माह में ही 2.87 लाख मामलों का पता लगाया गया, जिससे 18.25 करोड़ का जुर्माना प्राप्‍त किया गया। इसमें पिछले वर्ष की तुलना में 10% से अधिक की वृद्धि हुई।

मुंबई में 11.60 लाख मामले

मुंबई उपनगरीय खंड में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के 11.60 लाख से अधिक मामलों का पता लगा कर 54.55 करोड़ का जुर्माना प्राप्‍त किया गया। मार्च माह में ही एक लाख मामलों का पता लगाया गया, जिससे 4.67 करोड़ रुपए जुर्माना प्राप्‍त हुआ।

एसी लोकल में भीड़ एवं अवैध यात्रा के मामले बढ़े

सीपीआरओ ने बताया कि एसी लोकल ट्रेनों में सामान्य टिकट धारकों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए नियमित रूप से औचक टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके चलते अप्रैल 2025 से मार्च 2026 की अवधि में ऐसे लगभग 1.3 लाख मामलों का पता लगाया गया। अवैध यात्रियों से 4.18 करोड़ का जुर्माना किया गया, जो पिछले वर्ष के 2.10 करोड़ की तुलना में 99% से अधिक है। पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ गई है। अवैध यात्रा के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है।

पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों से उचित टिकट के साथ यात्रा की अपील की जाती है,इसके बावजूद मुंबई में लोकल ट्रेनों विशेषकर एसी लोकल में अवैध यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। आम लोकल में भारी भीड़ होने से सुबह शाम लोग बिना टिकट या सेकंड क्लास का टिकट लेकर यात्रा कर रहे हैं। वैसे भी पश्चिम रेलवे पर एसी लोकल बढ़ाने की लगातार मांग हो रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com