Western Railway में लगातार दूसरे दिन सिग्नल फेल, लोकल प्रभावित; ट्रेन की छत से झरने की तरह पानी

Mumbai Local Train: पश्चिम रेलवे के मरीन लाइंस और विरार स्टेशनों पर सिग्नल फेल होने से लोकल ट्रेनें 30 मिनट तक लेट हुईं। वहीं बोरीवली-विरार लोकल की छत से पानी गिरने का वीडियो वायरल हुआ।
Western Railway services collapsed as signal failures hit Marine Lines and Virar. Meanwhile, a video of rainwater leaking inside a Borivali-Virar local went viral.
पश्चिम रेलवे ,(साेर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Western Railway Signal: पश्चिम रेलवे की सिग्नल प्रणाली में लगातार आ रही तकनीकी खराबियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार को मरीन लाइंस स्टेशन के पास सिग्नल फेल होने से उपनगरीय सेवाएं प्रभावित हुई थीं। घटना के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि शुक्रवार तड़के फिर मरीन लाइंस में सिग्नल प्रणाली ठप हो गई। इसके कुछ ही देर बाद विरार स्टेशन पर भी सिग्नल में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे पश्चिम रेलवे की उपनगरीय सेवाएं पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गईं।

सुबह के व्यस्त समय में लगातार दो तकनीकी खराबियों के कारण हजारों नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर कार्यालय नहीं पहुंच सके और उन्हें लेटमार्क का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे मरीन लाइंस स्टेशन के पास सिग्नल प्रणाली में तकनीकी खराबी आई। इससे चर्चगेट और उपनगरों की ओर जाने वाली कई मुंबई लोकल ट्रेनें लगभग 30 मिनट तक प्रभावित रहीं।

मरीन लाइंस की स्थिति सामान्य होते ही सुबह 7.20 बजे विरार स्टेशन पर भी सिग्नल प्रणाली में खराबी आ गई। यह समस्या करीब 30 से 40 मिनट तक बनी रही, जिससे विरार, नालासोपारा, वसई रोड, भाईंदर, बोरीवली, अंधेरी और चर्चगेट मार्ग की लोकल सेवाओं का समय पूरी तरह बिगड़ गया। कई ट्रेनें 15 से 30 मिनट की देरी से चलीं।

लोकल में बहा झरना

पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर मुंबई शहर की लाइफलाइन लोकल ट्रेनों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी होने का दावा करने वाली पश्चिम रेलवे की उस समय पोल खुल गई, जब बोरीवली से विरार जा रही एक लोकल ट्रेन के डिब्बे की छत से झरने की तरह पानी गिरने लगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यात्रियों ने तंज कसते हुए कहा कि अब मुंबई में ही लोनावला-खंडाला के झरनों का अनुभव मिल रहा है।

यह घटना 2 जुलाई को शाम करीब 5.03 बजे हुई। बोरीवली स्टेशन से विरार के लिए रवाना हुई लोकल के मोटरमैन के केबिन से सटे पहले डिब्बे की छत से भारी मात्रा में पानी टपकने लगा। पानी झरने की तरह गिरने से डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई।

भीड़भाड़ के समय हुई इस घटना में यात्रियों को सूखी जगह तलाशनी पड़ी, जबकि कई लोगों ने खुद को बचाने के लिए बैग और छाते सिर पर रख लिए। पश्चिम रेलवे ने मानसून शुरू होने से पहले लोकल डिब्बों की मरम्मत, छतों की जांच और रिसाव रोकने के सभी काम पूरे होने का दावा किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com