पश्चिम रेलवे (सौ. सोशल मीडिया )
Western Railway Jumbo Block: यदि आप पश्चिम रेलवे से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। पश्चिम रेलवे ने 1 मार्च को चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल स्टेशनों के बीच जम्बो ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।
यह ब्लॉक ट्रैक, सिग्नलिंग प्रणाली और ओवरहेड उपकरणों के अनुरक्षण कार्य के लिए लिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, अप और डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 10:35 बजे से दोपहर 3:35 बजे तक कुल पांच घंटे का ब्लॉक रहेगा। इस दौरान चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल के बीच स्लो लाइन पर नियमित सेवाएं प्रभावित होंगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) विनीत अभिषेक ने बताया कि ब्लॉक अवधि के दौरान स्लो लाइन की सभी ट्रेनें चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल के बीच फास्ट लाइनों पर चलाई जाएंगी। इसके अलावा कुछ अप और डाउन लोकल सेवाएं पूरी तरह निरस्त रहेंगी।
चर्चगेट की ओर जाने वाली कुछ लोकल ट्रेनों को बांद्रा या दादर स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा और वहीं से उन्हें वापसी के लिए रवाना किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
ये भी पढ़ें :- बजट सत्र में हड़कंप: आईएएस एम. देवेंद्र सिंह निलंबित, मंत्री पंकजा मुंडे को ब्रीफिंग न देने का आरोप
प्रभावित ट्रेनों की विस्तृत सूची उपनगरीय खंड के सभी स्टेशनों पर स्टेशन मास्टरों के पास उपलब्ध रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की योजना बनाने की अपील की है, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
मुंबई से नवभारत लाइव के लिए सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट