शरद पवार के पैरों पर सिर रखकर माफी मांगूंगा, गद्दार कहने के बाद विजय वडेट्टीवार के बदले तेवर!

Vijay Wadettiwar Sharad Pawar Latest News: परिसीमन विधेयक पर विवाद के बीच विजय वडेट्टीवार के तेवर बदल गए हैं। बोले- शरद पवार विरोध करेंगे तो उनके पैरों पर सिर रखकर माफी मांगूंगा।
Vijay Wadettiwar Apology Sharad Pawar Statement
विजय वडेट्टीवार(सोर्स: IANS)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • विजय वडेट्टीवार ने कहा- शरद पवार ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगूंगा।

  • वडेट्टीवार बोले- माफी मांगने के लिए शरद पवार के पैरों पर सिर रखने को भी तैयार हूं।

  • एक दिन पहले शरद पवार पर तीखे आरोप लगाने के बाद कांग्रेस नेता के बदले तेवर।

  • वडेट्टीवार ने परिसीमन प्रक्रिया में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप और निष्पक्षता पर उठाए सवाल।

  • शरद पवार से परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने की हाथ जोड़कर अपील की।

Vijay Wadettiwar Apology Statement: महाराष्ट्र की राजनीति में परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के बीच तल्खी बढ़ती नजर आ रही है। एक दिन पहले एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर तीखा हमला बोलने वाले कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के सुर अब बदल गए हैं।

उन्होंने यहां तक कह दिया है कि अगर शरद पवार परिसीमन विधेयक का विरोध करते हैं, तो वह सार्वजनिक रूप से उनसे माफी मांगेंगे। इतना ही नहीं, वडेट्टीवार ने कहा कि वह शरद पवार के पैरों पर सिर रखकर भी माफी मांगने के लिए तैयार हैं।

परिसीमन विधेयक पर वडेट्टीवार की भावुक अपील

विजय वडेट्टीवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शरद पवार से परिसीमन विधेयक का समर्थन नहीं करने की अपील की। उन्होंने लिखा कि अगर पवार साहब इस विधेयक का विरोध करते हैं, तो वह सार्वजनिक रूप से उनसे माफी मांगेंगे। उन्होंने कहा, 'इतना ही नहीं, उनके पैरों पर सिर रखने के लिए भी तैयार हूं।' वडेट्टीवार ने हाथ जोड़कर शरद पवार से देश के लोकतंत्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विधेयक का समर्थन नहीं करने की विनती की।

एक दिन पहले शरद पवार पर लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल, परिसीमन विधेयक को लेकर शरद पवार की पार्टी के संभावित रुख पर विजय वडेट्टीवार ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने पवार की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन पर अपने राजनीतिक सहयोगियों को धोखा देने जैसे आरोप लगाए थे। उनकी इस टिप्पणी से महाविकास अघाड़ी और विपक्षी गठबंधन में नाराजगी बढ़ गई थी।

एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की ओर से भी वडेट्टीवार के बयान पर आपत्ति जताई गई थी। इसके बाद अब वडेट्टीवार की ओर से माफी की पेशकश को महाराष्ट्र की राजनीति में बदले हुए तेवर के तौर पर देखा जा रहा है।

Vijay Wadettiwar Apology Sharad Pawar Statement
शरद पवार का इतिहास पीठ में छुरा घोंपने वाला, परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस का सुप्रिया सुले पर बड़ा हमला

परिसीमन विधेयक पर क्या है वडेट्टीवार की आपत्ति?

वडेट्टीवार ने अपनी दूसरी पोस्ट में परिसीमन की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के नाम पर होने वाली मतदाता क्षेत्र पुनर्रचना का इस्तेमाल राजनीतिक हित साधने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में पहले हुई परिसीमन प्रक्रियाओं पर भी राजनीतिक उद्देश्य से फैसले लेने के आरोपों का जिक्र किया।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में केंद्र सरकार की भूमिका है और परिसीमन की प्रक्रिया भी सरकार के प्रभाव में होगी, तो निष्पक्षता की गारंटी कौन देगा? उनके मुताबिक, यह केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का मामला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की निष्पक्षता, जनता के प्रतिनिधित्व और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा से जुड़ा सवाल है।

Vijay Wadettiwar Apology Sharad Pawar Statement
महाराष्ट्र को नशामुक्त बनाने के लिए CM फडणवीस का बड़ा अभियान, 20 विभाग मिलकर तोड़ेंगे ड्रग्स की सप्लाई चेन

शरद पवार को मनाने की कोशिश या राजनीतिक संदेश?

वडेट्टीवार के इस बयान के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। एक तरफ उन्होंने शरद पवार से सार्वजनिक माफी मांगने की बात कही है, तो दूसरी तरफ परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर उन्हें विपक्ष के साथ खड़े रहने की अपील की है।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यह शरद पवार को मनाने की कोशिश है या INDIA गठबंधन में एकजुटता बनाए रखने का राजनीतिक संदेश? फिलहाल, शरद पवार की ओर से वडेट्टीवार की इस नई पेशकश पर प्रतिक्रिया का इंतजार है।