चाय पीने निकले, पैर फिसला और बह गए लोखंडे; सर्च ऑपरेशन जारी, वसई में दर्दनाक हादसा
Maharashtra News: वसई पूर्व के मांगुलीपाड़ा में शनिवार को भारी बारिश के दौरान घुटनों तक भरे पानी के बीच खुले नाले में गिरने से 50 वर्षीय किशोर लोखंडे बह गए। बचाव दल तलाश में जुटा है।
- Written By: रूपम सिंह
सांकेतिक फोटो, (सोर्स-सोशल मीडिया)
Vasai Rain Accident: वसई पूर्व के मांगुलीपाड़ा (भोईदापाड़ा) इलाके में शनिवार को भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। उफनते खुले नाले में गिरने से 50 वर्षीय किशोर नामदेव लोखंडे तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और उनकी तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू किया।
चाय पीने निकले थे घर से
यह हादसा वालीव पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, किशोर नामदेव लोखंडे घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले थे। लगातार बारिश के कारण इलाके में घुटनों तक पानी भर गया था, जिससे सड़क और खुले नाले के बीच का अंतर दिखाई नहीं दे रहा था।
तेज बहाव में बह गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी में चलते समय किशोर का पैर फिसल गया और वह सीधे उफनते नाले में गिर पड़े। नाले का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते वह पानी के साथ बह गए। आसपास मौजूद बच्चों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर हाई कोर्ट की सरकार को कड़ी फटकार: अधिकारियों की नाकामी का खामियाजा कोई बुजुर्ग पेंशनभोगी क्यों भुगते?
बच्चू कडू ने उठाया राजुरा पुनर्वास और वासनी सिंचाई परियोजना का मुद्दा, सरकार से मांगा जवाब
चामोर्शी बस स्टैंड विवाद: करोड़ों की परियोजना तैयार, यात्रियों को अब भी सड़क पर इंतजार
चुनावी वादे हवा-हवाई, धरातल पर काम सिफर! नागपुर के वेलकम सोसाइटी और महेश नगर में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा
यह भी पढ़ें:- पुणे के कर्वेनगर में लावारिस मिला एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक्स का जखीरा, FDA की कार्रवाई के डर से फेंकने की आशंका
युद्ध स्तर पर तलाश अभियान
घटना की सूचना मिलते ही वालीव पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल नाले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है। समाचार लिखे जाने तक किशोर नामदेव लोखंडे का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील
लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर खुले नाले और जलभराव लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले इलाकों और उफनते नालों के आसपास जाने से बचें तथा बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
