वंदे भारत एक्सप्रेस (सौ. सोशल मीडिया )
Vande Bharat Train Stone Pelting: देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना से यात्रियों में खलबली मच गई। हालांकि आरपीएफ व सीआईबी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले आरोपी को एक घन्टे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि यह घटना शुक्रवार को हुई जब सीएसएमटी-साईनगर शिर्डी वंदे भारत एक्सप्रेस (डाउन) पर ठाकुर्ली और कल्याण रेलवे स्टेशनों के बीच पत्थर फेंके गए।
ट्रेन चल रही थी, इस दौरान, कोच सी-1, सी-3, सी-4 और सी-7 पर पत्थर जाकर लगे, जिससे कोचों के शीशे टूट गए। इससे यात्रियों को नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन ट्रेन की खिड़कियों को काफी नुकसान हुआ। यात्री भी सकते में आ गए।
मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष (डीएससीआर) और एस्कॉर्टिंग पार्टी से घटना की सूचना मिलने पर, आरपीएफ कल्याण और सीआईबी कल्याण की एक संयुक्त टीम ने कल्याण के पतरीपुल के पास, आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया और संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान पुणे निवासी 23 वर्षीय आरोपी सनी कांबले ने ट्रेन पर पथराव करने की बात कबूल की। उसने बताया कि गांजा के सेवन से वह नशे की हालत में रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा और कुछ पत्थर उठाकर वंदे भारत एक्सप्रेस के अलग-अलग डिब्बों पर यात्रियों को डराने के इरादे से फेंके।
ये भी पढ़ें :- मुंबई में एनएसई कार्यालय को बम और मिसाइल हमले की धमकी, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
उसे रेलवे अधिनियम की धारा 153 और 147 के अंतर्गत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया। उसे एमसीआर हिरासत में और बाद में आधरवाड़ी जेल भेज दिया गया। ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों के बयान के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।
इसके पहले भी वंदे भारत ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की घटनाएं हुईं थी।
मुंबई से नवभारत लाइव के लिए सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट