रेल टिकटों की कालाबाजारी पर RPF का शिकंजा, गोंदिया में आरोपी से 75 हजार के ई-टिकट जब्त

Gondia SECR News: आरपीएफ नागपुर मंडल ने 'ऑपरेशन उपलब्ध' के तहत टिकट दलालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गोंदिया सहित विभिन्न क्षेत्रों से 7 दलाल गिरफ्तार किए गए और भारी मात्रा में ई-टिकट बरामद हुए।
Operation Uplabdha, RPF Nagpur, Railway Ticket, Black Marketing, Gondia, SECR, Illegal Tickets, Arrest, E-Tickets, Railway Act 143, Helpline 139, Bilaspur, Mobile Seizure, Investigation, Travel Safety, Fraud, IRCTC, SECR Nagpur, Security Force, Raid.
RPF की कार्रवाई, दलाल गिरफ्तार (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Gondia Illegal Tickets News: गोंदिया रेल सेवा आज के परिप्रेक्ष्य में भारत की लाइफलाइन के रूप में कार्य कर रही है। यह यात्रा का सरल व आरामदायक साधन होने के कारण प्रतिदिन लाखों यात्री रेलवे के माध्यम से एक राज्य से दूसरे राज्य तथा एक शहर से दूसरे शहर की यात्रा करते हैं। किंतु त्योहारी सीजन, गर्मी की छुट्टियों तथा वैवाहिक सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि होने से रेलवे टिकटों का अवैध व्यापार तथा कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं और यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल कर टिकटों का अवैध व्यापार करते हैं।

इसी के मद्देनजर मुन्नवर खुर्शीद, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दपूम रेलवे, बिलासपुर के निर्देशन तथा दीप चन्द्र आर्य, मंडल सुरक्षा आयुक्त /रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर मंडल के मार्गदर्शन में रेसुब नागपुर मंडल द्वारा "ऑपरेशन उपलब्ध" के तहत रेलवे टिकटों की कालाबाजारी व अवैध व्यापार करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंडल के विभिन्न स्थानों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल द्वारा 7 टिकट दलालों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान इनके पास से पर्सनल यूजर आईडी के माध्यम से बनाए गए आरक्षित ई-टिकट, मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम व लैपटॉप बरामद किए गए, इन सभी के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 143 के अंतर्गत संबंधित रेसुब पोस्ट में मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

टिकटों की कालाबाजारी पर लगेगा अंकुश

इस कार्रवाई के तहत 9 मार्च को गोंदिया निवासी अजय कावडे के मोबाइल से 15 तत्काल / प्रीमियम तत्काल आरक्षित ई-टिकट (कीमत 75,299) बरामद किए गए तथा मोबाइल फोन जब्त किया गया। रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल द्वारा रेलवे टिकटों की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल ने सभी नागरिकों व रेल यात्रियों से अपील की है कि यदि आपके आसपास रेलवे टिकटों का अवैध व्यापार या कालाबाजारी की कोई जानकारी प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना अपने नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर तुरंत दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com