सीएम फेस को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, महायुति को चैलेंज देते हुए बताया कब करेंगे ऐलान

उद्धव ठाकरे ने कहा कि पहले महायुति को उनका चेहरा घोषित करने दें। क्योंकि वे सत्ता में हैं। सत्तारूढ़ महायुति द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार घोषित करने के बाद हम अगले दिन हम भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर देंगे।
सीएम फेस को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान, महायुति को चैलेंज देते हुए बताया कब करेंगे ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेस में मौजूद शरद पवार, नाना पटोले, उद्धव ठाकरे व विजय वडेट्टीवार (सोर्स: एक्स@INCMaharashtra)
Published on
Updated on

मुंबई: विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी (MVA) से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की जिद करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अब यू टर्न ले लिया है। रविवार को बांद्रा-पश्चिम, बैंड स्टैंड स्थित होटल ताज लैंड्स एंड में आयोजित एमवीए की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ने कहा कि एमवीए में सीएम पद को लेकर कोई मतभेद नहीं है। हम सभी लोग भ्रष्ट एवं गुजरात के हित के लिए काम करने वाली महायुति सरकार को सत्ता से बाहर निकाल कर महाराष्ट्र को बचाने के लिए साथ आए हैं। इसलिए पहले सत्तारूढ़ महायुति को अपना सीएम पद का चेहरा घोषित करने दें। उन्होंने कहा कि एमवीए में मुख्यमंत्री के पद लायक कई चेहरे उपलब्ध हैं।

बीते कुछ महीनों से महा विकास आघाड़ी में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की मांग उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी के सांसद व प्रवक्ता संजय राऊत बार-बार दोहरा चुके हैं लेकिन रविवार को उद्धव अपनी मांग से पलट गए। संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे सहित एमवीए के प्रमुख घटक दल कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) से पत्रकारों ने सीएम पद के चेहरे को लेकर सवाल पूछा तो पहले जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे ने गेंद सत्तारूढ़ महायुति के पाले में डाल दी।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि पहले महायुति को उनका चेहरा घोषित करने दें। क्योंकि वे सत्ता में हैं। सत्तारूढ़ महायुति द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार घोषित करने के बाद हम अगले दिन हम भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर देंगे।

सीएम का पद महत्वपूर्ण नहीं

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारे लिए मुख्यमंत्री का पद महत्वपूर्ण नहीं है। हमारा पहला काम महाराष्ट्र को बचाना है। इस वक्त महाराष्ट्र खतरे में है। सत्तारूढ़ दल फुले शाहू अंबेडकर के विचारों पर चलने वाले महाराष्ट्र को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के विचारों का गुलाम बनाने का प्रयास कर रहे हैं। हम इससे राज्य को बचाना चाहते हैं।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम महाविकास अघाड़ी के रूप में एक हैं। हम एक मत से अपना निर्णय लेते हैं। ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी सर्वसम्मति से तय किया जाएगा। इस मौके पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने भी उद्धव का समर्थन किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com