

Maharashtra Politics: यूबीटी चीफ उद्धव ठाकरे व मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बीच मिलकर बीएमसी चुनाव लड़ने पर बात बन गई है। मुंबई समेत 6 नगर निगम के चुनाव दोनों भाई साथ-साथ लड़ेंगे। इनमें मुंबई की बीएमसी के अलावा कल्याण–डोंबिवली, नवी मुंबई, ठाणे, नाशिक व पुणे के म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के इलेक्शन शामिल हैं। गुरुवार को दोनों ठाकरे बंधुओं ने चुनाव पर रणनीति बनाने के लिए डेढ़ घंटे तक चर्चा की थी, जिसके बाद बड़ा फॉर्मूला फाइनल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर चर्चा के लिए शिवसेना यूबीटी से पूर्व सांसद राजन विचारे और मनसे से अविनाश जाधव को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
जबकि कल्याण–डोंबिवली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के बारे में योजना बनाने की जिम्मेदारी यूबीटी विधायक वरुण सरदेसाई व मनसे के पूर्व विधायक राजू पाटिल को दी गई है। इन सब पर यूबीटी की तरफ से आदित्य ठाकरे व मनसे की तरफ से राज पुत्र अमित ठाकरे की भी नजर होगी।
2017 के म्युनिसिपल चुनावों में तस्वीर अलग थी। उस समय संयुक्त शिवसेना ने मिलकर 84 सीटें, बीजेपी ने 82 सीटें और मनसे ने 7 सीटें जीती थीं। हालांकि, अब राज्य के राजनीतिक हालात पूरी तरह बदल गए हैं।