गणेश विसर्जन पर सख्त सुरक्षा: मुंबई में 30 दिन तक ड्रोन, पैराग्लाइडर और गुब्बारों पर बैन

Mumbai News: मुंबई पुलिस ने गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए 6 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ड्रोन, पैराग्लाइडर और गुब्बारों पर प्रतिबंध लगाया है। उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई।
गणेश विसर्जन पर ड्रोन बैन (PIC CREDIT; SOCIAL MEDIA)
गणेश विसर्जन पर ड्रोन बैन (PIC CREDIT; SOCIAL MEDIA)
Published on
Updated on

Drones banned in Mumbai: मुंबई इस समय गणेश उत्सव की भक्ति और उल्लास में डूबा हुआ है। लालबागचा राजा सहित शहर के कई मंडपों में लाखों की भीड़ उमड़ रही है। आम भक्तों से लेकर फिल्मी सितारे और वीआईपी तक बप्पा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में मुंबई पुलिस ने सुरक्षा को और कड़ा कर दिया है और त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए एक बड़ा फैसला लिया है।

पुलिस ने आदेश जारी कर बताया कि 6 सितंबर से 5 अक्टूबर तक यानी 30 दिनों के लिए शहर में ड्रोन, पैराग्लाइडर, गुब्बारे और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध रहेगा। यह कदम भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह के खतरे या अप्रिय घटना को रोकने के लिए उठाया गया है।

यह प्रतिबंध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत लागू किया गया है। इसके मुताबिक, हर दिन रात 12:01 बजे से लेकर रात 12:00 बजे तक यह पाबंदी लागू रहेगी। केवल मुंबई पुलिस द्वारा की जाने वाली हवाई निगरानी या उपायुक्त (संचालन) की लिखित अनुमति से ही छूट मिलेगी।

मुंबई पुलिस ने साफ कहा है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर जुर्माना लगाया जा सकता है, साथ ही गिरफ्तारी भी हो सकती है।

गणेश विसर्जन और उससे जुड़ी भारी भीड़ को देखते हुए यह सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पिछले वर्षों के अनुभवों से पुलिस ने यह निष्कर्ष निकाला है कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में हवाई वस्तुओं का उपयोग सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।

पुलिस का कहना है कि यह निर्णय एहतियातन लिया गया है ताकि भीड़ में किसी तरह की अफरा-तफरी या असामाजिक तत्वों द्वारा संभावित गलत इस्तेमाल की आशंका को रोका जा सके।

गौरतलब है कि मुंबई में गणेशोत्सव सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पर्व है। इन दिनों शहर में लाखों भक्तों का आगमन होता है। खासकर विसर्जन के दौरान सड़कों पर जनसैलाब उमड़ता है। ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

इस आदेश से मुंबईकरों को यह भरोसा मिल रहा है कि बप्पा का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। पुलिस चौकसी और प्रशासनिक कदमों के साथ, भक्त अब बेफिक्र होकर गणपति बप्पा की भक्ति में रंग सकते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com