Thane Train Accident: ठाणे रेल हादसे में सरकार का ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 5 लाख, घायलों को मुफ्त उपचार

Thane Train Accident: महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे में ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। सरकार ने घायलों को बेहतर उपचार और वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।
महाराष्ट्र सरकार ने ठाणे में ट्रेन हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। सरकार ने घायलों को बेहतर उपचार और वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।
गिरीश महाजन ने मुआवजे का ऐलान किया (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: सोमवार की सुबह एक दुखद घटना में ठाणे में सेंट्रल रेलवे लाइन पर दिवा और मुंब्रा स्टेशनों के बीच हुए रेल हादसे में 5 यात्रियों की जान चली गई। महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने सोमवार को इस मामले में मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने का ऐलान किया। मंत्री गिरीश महाजन ने  कहा कि राज्य सरकार ठाणे जिले में मुंब्रा के निकट उपनगरीय रेल से जुड़े हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के एक कांस्टेबल सहित कम से कम चार यात्रियों की मौत हो गई और नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि विपरीत दिशा से आने वाली दो भीड़भाड़ वाली ट्रेन के पायदान से लटके यात्रियों और उनके बैग के एक-दूसरे से टकरा गए। टकराने के कारण यात्री संभवतः ट्रेन से नीचे गिर गए।

पांच लाख के मुआवजे की घोषणा

मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि राज्य सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाएगी तथा उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराएगी। गिरीश महाजन ने दुर्घटना स्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य सरकार इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि देगी। घायलों को भी वित्तीय सहायता की जाएगी।''

घटनास्थल पर रेल मार्ग पर एक मोड़ के बारे में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रेलवे प्रशासन से स्थायी समाधान निकालने का आग्रह करेगी। महाजन ने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब ऐसी घटना हुई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे के संबंध में दिल्ली में अधिकारियों से बात की है। इसकी गहन जांच होनी चाहिए। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि ऐसा फिर कभी न हो।''

राज्य सरकार इस इस घटना को गंभीरता से ले रही है। महाजन ने कहा कि वे शहर से बाहर थे, लेकिन फडणवीस ने उन्हें स्थिति की समीक्षा करने तथा राहत प्रयासों की निगरानी करने के लिए तत्काल हादसा स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया था।

क्या है पूरा मामला

यह बड़ा हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ, जब 2 लोकल ट्रेनें एक दूसरे के समानांतर चल रही थीं। ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े कई यात्री गलती से बगल वाली ट्रेन में बैठे लोगों से टकरा गए, जिससे कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस चौंकाने वाली घटना ने दुनिया के सबसे व्यस्ततम रेलवे नेटवर्क में से एक मुंबई के उपनगरीय रेलवे नेटवर्क में भीड़भाड़ और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com