'मुझ पर दुखों का पहाड़...' उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भावुक हुईं सुनेत्रा पवार, पहला बयान आया सामने

Sunetra Pawar Statement: पवार के निधन के बाद उपमुख्यमंत्री बनीं सुनेत्रा पवार ने भावुक होते हुए कहा कि वह 'शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर' के विचारों और दादा के विजन के साथ महाराष्ट्र का विकास करेंगी।
Sunetra Pawar First Reaction After taking oath as maharashtra Deputy Chief Minister
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sunetra Pawar First Reaction: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े बदलाव के बीच, दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। पदभार संभालने के बाद अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया में सुनेत्रा पवार काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही उनके जीवन में एक गहरा शून्य पैदा हो गया है, लेकिन राज्य की जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी अब उनकी प्राथमिकता है।

सुनेत्रा पवार का पहला बयान

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी भावनाओं को साझा करते हुए सुनेत्रा पवार ने लिखा, "आदरणीय अजीत दादा के असमय निधन से मेरे दिल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।" उन्होंने आगे कहा कि अजित पवार ने उन्हें जीवन भर कर्तव्य के प्रति जो वफादारी, संघर्ष करने की शक्ति और लोगों के प्रति जो प्रतिबद्धता सिखाई है, वही आज के कठिन समय में उनका सबसे बड़ा संबल है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र के लोगों का प्यार भरा साथ ही उनकी असली ताकत बनेगा।

अजित पवार के सपनों का महाराष्ट्र

सुनेत्रा पवार ने अपने संबोधन में स्वर्गीय अजित पवार के विजन को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि दादा ने अपनी पूरी जिंदगी किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए समर्पित कर दी थी। उन्होंने संकल्प लिया कि वह 'शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर' के प्रगतिशील विचारों को आत्मसात करते हुए एक न्यायपूर्ण, समान और विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करती रहेंगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि दादा के विचारों की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मिलने पर उनका दिल कर्तव्य की भावना से भरा हुआ है।

गम के माहौल में नई जिम्मेदारी

यह राजनीतिक घटनाक्रम अजित पवार की एक दुखद विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद सामने आया है। ज्ञात हो कि 28 जनवरी को बारामती जाते समय उनका प्लेन क्रैश हो गया था, जिसमें उनकी जान चली गई थी। उस कठिन समय में सुप्रिया सुले सहित पूरे परिवार ने सुनेत्रा पवार को ढांढस बंधाया था। अब पार्टी और सरकार ने सुनेत्रा पवार पर भरोसा जताते हुए उन्हें राज्य के उपमुख्यमंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि अजित पवार के विकास कार्यों को निरंतरता दी जा सके। सुनेत्रा पवार ने अंत में कहा कि वह नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ेंगी और दादा के विचारों को महाराष्ट्र के कोने-कोने तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।