ऑनलाइन लूडो ऐप पर दोस्ती शादी का वादा, घर से 10 लाख लेकर फरार हुई SSC छात्रा, इंस्टाग्राम से मिला सुराग

Online Ludo App Fraud Girl Rescued Mumbai Police: मुंबई में ऑनलाइन लूडो ऐप पर दोस्ती के बाद 10.5 लाख रुपये लेकर भागी नाबालिग छात्रा को पुलिस ने गुजरात से बचाया।
Online Ludo App Fraud Mumbai
Published on
Updated on

Online Ludo App Fraud Mumbai: दक्षिण मुंबई के प्रसिद्ध सर जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में रहने वाले एक प्रतिष्ठित कपड़ा व्यापारी के परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनकी 17 साल की बेटी अचानक लापता हो गई। परिवार ने हर जगह तलाश की, लेकिन जब वह कहीं नहीं मिली तो उन्हें घर की अलमारी से 10.5 लाख रुपये कैश भी गायब मिले।

इसके बाद पीड़ित मां ने तुरंत पुलिस से संपर्क साधा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जे.जे. मार्ग पुलिस ने उसी दिन शाम 5 बजे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीमें गठित कीं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेलने की आदी थी, जहां जियान शेख ने उसे जाल में फंसाया था।

दक्षिण मुंबई से ठाणे तक मूवमेंट और आधार कार्ड की वजह से फंसा पेंच

मुंबई पुलिस की तकनीकी विंग ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और टेक्निकल इनपुट्स को खंगालना शुरू किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि घर से भागने के बाद लड़की दक्षिण मुंबई से ठाणे पहुंची थी। वहां उसने दिन भर जमकर शॉपिंग की और अपने लिए एक महंगा नया मोबाइल फोन भी खरीदा। आरोपी जियान शेख ने लड़की को हिदायत दी थी कि वह तुरंत एक नया सिम कार्ड खरीद ले ताकि परिवार उसे ट्रैक न कर पाए। लड़की ने ठाणे में नया सिम खरीदने की कोशिश की, लेकिन अनिवार्य पहचान पत्र (आधार कार्ड) न होने के कारण दुकानदारों ने उसे सिम देने से साफ मना कर दिया।

दुकानदार के वाई-फाई से इंस्टाग्राम लॉगइन करते ही जाल में आई लड़की

सिम कार्ड न मिलने के कारण लड़की का नया फोन बिना नेटवर्क के था। इसके बाद उसने ठाणे के ही एक दुकानदार से मिन्नत कर उसके दुकान का वाई-फाई (Wi-Fi) नेटवर्क अपने फोन में कनेक्ट करवाया। इंटरनेट मिलते ही उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को लॉगइन किया और उस पर अपनी एक नई फोटो अपलोड कर दी। मुंबई पुलिस की साइबर टीम जो लगातार उसके सोशल मीडिया हैंडल्स की निगरानी कर रही थी, उसे तुरंत इस एक्टिविटी का आईपी एड्रेस और लाइव लोकेशन मिल गया। इसके बाद पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला कि लड़की ठाणे से निकलकर गुजरात जाने वाली एक प्राइवेट ट्रैवल कंपनी की बस में सवार हो चुकी है।

गुजरात हाईवे पर 30 से ज्यादा बसों की तलाशी और सुरक्षित रेस्क्यू

लोकेशन मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम गुजरात पुलिस की क्राइम ब्रांच के साथ लगातार तालमेल बिठाते हुए तेजी से गुजरात की ओर रवाना हुई। पुलिस टीमों ने रात के समय ही सूरत-वडोदरा हाईवे पर नाकेबंदी कर दी और पहचानी गई ट्रैवल कंपनी की सभी बसों को रोककर सघन चेकिंग शुरू की। हाईवे पर लगभग चार से पांच घंटे तक चले इस बेहद जटिल ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 30 से अधिक लग्जरी बसों के भीतर जाकर मुसाफिरों की जांच की। आखिरकार, अगले दिन तड़के सुबह 3 से 4 बजे के बीच गुजरात के रास्ते में एक बस से लड़की को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने तक लड़की नए फोन और शॉपिंग पर करीब 1 लाख रुपये खर्च कर चुकी थी। उसे सकुशल मुंबई वापस लाकर परिवार को सौंप दिया गया है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com