ट्यूशन जाने बोला तो 57वीं मंजिल से लगा दी छलांग, TV एक्ट्रेस के घर दर्दनाक हादसा
मुंबई में एक टीवी अभिनेत्री के घर दर्दनाक हादसा हो गया। अभिनेत्री के बेटे ने 57वीं मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी, जिसके बाद घर में मातम का माहौल पसर गया। वहीं अभिनेत्री ने अपना इकलौता बेटा खो दिया।
- Written By: प्रिया जैस
बेटे ने इमारत से लगाई छलांग (कंसेप्ट फोटो)
मुंबई: यहां के कांदिवली इलाके की सी ब्रुक इमारत से कूदकर 14 साल के लड़के ने आत्महत्या कर ली। वजह सिर्फ इतनी कि मां ने उसे ट्यूशन जाने के लिए कह दिया था। कांदिवली पुलिस ने एडीआर के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार शाम पंत आरती मकवाना नाम के लड़के ने इमारत की 57वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
पंत की मां आरती गुजराती टीवी के धारावाहिकों में काम करती थीं। बच्चा हमेशा ट्यूशन जाने में टालमटोल करता रहता था। घटना वाले दिन भी ट्यूशन को लेकर दोनों के बीच बहस छिड़ गई। मृतक की मां ने बताया कि उसे ट्यूशन जाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया था लेकिन मां ने जोर देकर कहा कि ट्यूशन तो जाना ही पड़ेगा तो इसके बाद वह गुस्से में घर से बाहर चला गया।
वॉचमैन ने बताया कि पंत इमारत से नीचे गिरा
कुछ देर बाद इमारत के वॉचमैन ने बताया कि पंत इमारत से नीचे गिर गया है। बदहवास मां ने नीचे उतरकर देखा तो पंत खून से लथपथ जमीन पर मृत पड़ा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस लड़के को किसी ने कूदते देखा या नहीं, यह सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। गुरुवार को पुलिस ने इमारत में लगे सीसीटीवी को चेक किया और एडीआर के तहत मामला दर्ज कर लिया।
सम्बंधित ख़बरें
CSMT पर टला बड़ा रेल हादसा: एक ही ट्रैक पर आमने-सामने आईं दो लोकल ट्रेनें, फेल-सेफ तकनीक ने बचाई सैकड़ों जानें
Mumbai Local Train: 15 डिब्बों की ट्रेन चलाने की तैयारी, टिटवाला-वासिंद के बीच आज रात मेगा ब्लॉक
CIDCO और NAINA की जमीनें वापस लेगी महाराष्ट्र सरकार, मंत्री बावनकुले ने दिया आदेश, जानें क्या है पूरा मामला
शरद पवार अस्पताल से हुए डिस्चार्ज, बारामती उपचुनाव में नहीं डाल पाएंगे वोट, जानें क्या बोले डॉक्टर
बदलापुर में भाजपा विधायक के घर फायरिंग, 1 व्यक्ति घायल, इलाके में मचा हड़कंप
खेलकूद में थी ज्यादा रुचि
‘सी बुक’ इमारत में रहने वाली अभिनेत्री का इकलौता बेटा पंत स्वभाव से जिद्दी था, उसे पढ़ाई-लिखाई से ज्यादा खेलकूद में रुचि थी जबकि मां चाहती थी कि वह पढ़ लिखकर नाम कमाए। हर बार दोनों के बीच पढ़ाई और ट्यूशन को लेकर झगड़ा होने की बात पड़ोसियों को भी पता थी। जिस दिन हादसा हुआ उस दिन भी मां ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की हिदायत दी थी। उसे इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि इस बार बेटा कुछ ज्यादा ही बड़ा कदम उठा लेगा।
