

ठाणे: बदलापुर शहर में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है। बदलापुर में एक भारतीय जनता पार्टी के विधायक के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बदलापुर शहर में भाजपा विधायक किसन कथोरे के घर के बाहर फायरिंग की घटना घटी है। इस फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प फायरिंग में बदल गई। कहा जा रहा है कि यह गोलीबारी दो गुटों के आपसी झगड़े के चलते हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का पंचनामा किया।
घटना भाजपा विधायक किसन कथोरे के बंगले के सामने वाली सड़क पर हुई। दो गुटों के बीच बहस शुरू हुई जो बाद में हाथापाई में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एक गुट ने फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में अल्ताफ शेख नामक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है। यह घटना आखिर क्यों हुई? दोनों गुटों में विवाद का असली कारण क्या था? इन सवालों के जवाब अभी तक सामने नहीं आए हैं। सत्ताधारी पार्टी के विधायक के घर के बाहर इस तरह की फायरिंग की घटना से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब बदलापुर में इस तरह की फायरिंग की घटना हुई है। इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अब देखना होगा कि इस बार पुलिस किस तरह की कार्रवाई करती है और दोषियों तक कब तक पहुंच पाती है।