5 जुलाई 2026 तक यातायात के लिए खुलेगा New Sion Flyover, बीएमसी ने तय की डेडलाइन

Maharashtra News: सायन रेलवे फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण को लेकर बीएमसी ने बड़ा अपडेट दिया है। प्रशासन के अनुसार 15 जुलाई 2026 तक सभी कार्य पूरे कर फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
Sion Flyover
सायन फ्लाईओवर (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Sion Flyover Reconstruction Update: मुंबई के पूर्व-पश्चिम हिस्सों को जोड़ने वाले अत्यंत महत्वपूर्ण सायन रेलवे फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर बीएमसी ने बड़ा अपडेट दिया है।

प्रशासन का कहना है कि इस फ्लाईओवर से संबंधित सभी कार्य 15 जुलाई 2026 तक पूर्ण कर इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को लंबे समय से हो रही यातायात असुविधा से राहत मिलने की उम्मीद है।

अतिरिक्त मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने गुरुवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा शेष चरणों की समय-सीमा तय की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समानांतर रूप से कार्य करें, ताकि निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन हो सके।

पैदल भुयारी मार्ग अगले 15 दिन में होगा तैयार : मनपा अधिकारियों के अनुसार फ्लाईओवर के अंतर्गत पैदल यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पूर्व-पश्चिम आवागमन के लिए एक फुट ओवर ब्रिज को पहले ही चालू कर दिया गया है।

इसके अलावा दो सार्वजनिक पैदल भुयारी मार्गों में से एक का कार्य पूरा हो चुका है, जिसे आगामी पंद्रह दिनों में जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों और रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना के अंतर्गत रेलवे सीमा क्षेत्र में निर्माण कार्य रेलवे प्रशासन द्वारा किया जा रहा है, जबकि एप्रोच रोड, पैदल भुयारी मार्ग और अन्य नागरिक सुविधाओं का कार्य बीएमसी के जिम्मे है।

30 से 45 दिनों का समय लगेगा

लाल बहादुर शास्त्री मार्ग स्थित भुयारी मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, इसके चालू होते ही पश्चिमी हिस्से में पैदल यातायात की नई व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे निर्माण कार्य के लिए अधिक स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

पश्चिमी हिस्से के निर्माण कार्य को चार चरणों में विभाजित किया गया है और इन्हें 31 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा 31 मई तक पूर्वी एप्रोच रोड का कब्जा महानगरपालिका को सौंपे जाने की संभावना है। इसके बाद पूर्वी हिस्से के शेष कार्यों को पूरा करने में लगभग 30 से 45 दिनों का समय लगेगा।

पुल की खासियत

  • बांगर ने यह भी बताया कि धारावी की और स्थित दूसरे भूयारी मार्ग का कार्य तेजी से जारी है।
  • पुराने पुल के उत्तरी हिस्से को हटाया जा चुका है, जबकि दक्षिणी हिस्से को हटाने का कार्य प्रगति पर है। रेलवे द्वारा अंतिम गर्डर 31 मई तक स्थापित किए जाएंगे।
  • निरीक्षण के दौरान बांगर ने अभियंताओं और अधिकारियों को प्रतिदिन स्थल पर उपस्थित रहने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
  • उन्होंने कहा कि मनपा और रेलवे प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय से ही नागरिकों की असुविधा को शीघ्र समाप्त किया जा सकता है।
  • सायन फ्लाईओवर के पूर्ण होने के बाद मुंबई के मध्य और पूर्वी उपनगरों के बीच यातायात काफी हद तक सुगम होने की संभावना है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी।
  • 61 मीटर लंबा नया चार लेन वाला पुल पुराने 40 मीटर लंबे दो लेन वाले पुल से बड़ा होगा। मनपा का कहना है कि यह बढ़ती वाहन संख्या को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
  • पुल में एक अलग फुटपाथ भी होगा, जिससे पैदल यात्री सीधे सायन रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे।
  • पिछले साल अगस्त में पुल को तोड़ने का काम शुरू करने के लिए बंद किया गया था। पुराने ढांचे को पूरी तरह गिराने के बाद नए पुल का निर्माण शुरू किया गया।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com