

सुप्रिया सुले ने शरद पवार के रिटायरमेंट की अटकलों को किया खारिज।
एनडीए में शामिल होने की खबरों को बताया तथ्यहीन और भ्रामक।
संजय राऊत ने बीजेपी पर साधा निशाना, फडणवीस बोले- पवार कभी नहीं रुकेंगे।
Sharad Pawar Retirement Rumors: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार के राजनीति से संन्यास लेने और एनडीए में शामिल होने की चर्चाओं ने महाराष्ट्र की सियासत में हलचल बढ़ा दी है। इन अटकलों पर उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इन्हें तथ्यहीन और भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शरद पवार राजनीति से रिटायर नहीं होंगे। कौन राजनीति से संन्यास लेगा, इसका फैसला जनता करेगी।
दरअसल, एक न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि शरद पवार के राजनीतिक भविष्य और एनडीए में शामिल होने की संभावना को लेकर पार्टी के भीतर चर्चा चल रही है। इस खबर के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।
सुप्रिया सुले ने इन चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि शरद पवार जैसे वरिष्ठ नेता के रिटायरमेंट को लेकर झूठी अफवाह फैलाना बेहद गलत है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब शरद पवार की राज्यसभा सदस्यता के अभी पांच साल बाकी हैं, तो उनके रिटायरमेंट की चर्चा क्यों की जा रही है? उन्होंने दोहराया कि पवार सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे। मंत्री छगन भुजबल और राकां नेता फौजिया खान ने भी इन अटकलों को खारिज किया है।
शरद पवार के एनडीए में जाने की चर्चाओं पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राऊत ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शरद पवार की पूरी राजनीतिक यात्रा सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष और फुले-शाहू-आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने की रही है। राऊत ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पार्टियां तोड़ते हैं, वही अब पवार को आराम करने की सलाह दे रहे हैं। उन्हें इस पर शर्म आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी शरद पवार के रिटायरमेंट की चर्चाओं को अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि हर कोई चाहता है कि पवार साहब की सेहत अच्छी रहे। वे आज भी सक्रिय हैं और अलग-अलग परियोजनाओं तथा कामों में रुचि लेते हैं। फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पवार को करीब से देखा है और उनका मानना है कि वे जीवन में कभी नहीं रुकेंगे। वे आगे भी सकारात्मक काम करते रहेंगे।
इस तरह शरद पवार के राजनीतिक भविष्य को लेकर शुरू हुई चर्चा पर अलग-अलग दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाओं ने महाराष्ट्र का सियासी तापमान बढ़ा दिया है।