

Sharad Pawar On Dharmendra Pradhan Resignation: नीट पेपर लीक मामले को लेकर चौतरफा दबाव और लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। धर्मेंद्र प्रधान के इस कदम के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार का बड़ा बयान सामने आया है। शरद पवार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को देश में युवा शक्ति की अभूतपूर्व एकजुटता और भारतीय लोकतंत्र की एक ऐतिहासिक जीत करार दिया है।
शरद पवार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि नीट पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार 28 दिनों तक युवाओं द्वारा दिखाया गया संघर्ष और दृढ़ संकल्प वास्तव में सराहनीय है। पवार कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग के जवाब में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आखिरकार आज इस्तीफा दे दिया। अन्याय के खिलाफ बिना डरे और बिना झुके डटकर संघर्ष किया तथा सरकार को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने के लिए मजबूर किया। यह देश में युवा शक्ति की एकता की एक बड़ी जीत है।
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे इस छात्र आंदोलन का जायजा लेने और अपना समर्थन देने के लिए खुद शरद पवार भी विरोध स्थल पर पहुंचे थे। अपने बयान में उन्होंने विपक्षी दलों के उन तमाम सांसदों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस कठिन समय में छात्रों की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक मुखर किया। शरद पवार ने कहा कि विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने देश की भावी पीढ़ी को नैतिक और संसदीय दोनों ही स्तरों पर अटूट समर्थन दिया, जिससे इस आंदोलन को नई दिशा और ताकत मिली।
यह पूरा विवाद NEET-UG 2026 परीक्षा में सामने आई धांधली और लीक की खबरों के बाद शुरू हुआ था। कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में छात्र संगठन देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। छात्रों की मुख्य मांग धर्मेंद्र प्रधान की जवाबदेही तय करने, पूरी परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन में व्यापक सुधारात्मक कदम उठाने की थी।
इस्तीफे की घोषणा करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वह पिछले 10 दिनों के घटनाक्रम से बेहद आहत हैं। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेज दिया है। प्रधान ने स्वीकार किया, "मैंने मामले के पहले ही दिन से NEET प्रश्नपत्र लीक की नैतिक जिम्मेदारी ली है और उसी के तहत मैंने अपना इस्तीफा सौंपा है।"