

Sharad Pawar Criticizes Modi Govt On LPG Rate Hike: सरकारी तेल कंपनियों द्वारा रविवार को घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी करने से आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है । ताज़ा फैसले के बाद देश में विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राकां शरदचंद्र पवार पार्टी के अध्यक्ष और सांसद शरद पवार ने इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया है । कोल्हापुर दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश में गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और इस बढ़ती महंगाई का खामियाजा सत्ताधारियों को सही समय पर भुगतना पड़ेगा ।
नई दरों के अनुसार, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपए की बढ़ोतरी की गई है । इससे पहले पिछले महीने भी कीमतों में 60 रुपये का इजाफा किया गया था । पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है, जिसने आम आदमी के रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है । इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई में 14 ।2 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडर की कीमत 912 ।50 रुपये से बढ़कर 941 ।50 रुपए हो गई है, जबकि दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये तक पहुंच गई है ।
शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री दावा करते हैं कि उन्होंने महंगाई को नियंत्रण में रखा है, लेकिन असल में जनता को किश्तों में झटका देना ही उनका महंगाई नियंत्रण का असली सूत्र बन चुका है । उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस तरह की लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी के जीवन पर पड़ रहा है और जनता सही समय पर चुनाव के माध्यम से सरकार को इसकी सही कीमत समझा देगी । वडेट्टीवार भी भड़के इसी तरह कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने भी सोशल मीडिया पर भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि 2014 से पहले सिलेंडर के दाम मामूली बढ़ने पर भी सड़कों पर उतरने वाले भाजपा नेता आज आम जनता की इस बदहाली पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं ।
शरद पवार के इस हमले का जवाब देते हुए राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्र सरकार का बचाव किया है । उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के कारण दुनिया भर में ईंधन और गैस के दाम बढ़े हैं । फडणवीस ने आश्वासन दिया कि जैसे ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होंगी, देश में भी राहत दी जाएगी ।