बदलापुर एनकाउंटर पर मचा सियासी घमासान, शरद पवार और पृथ्वीराज चव्हाण ने महायुति सरकार पर ताने तीर कमान

महाराष्ट्र में बदलापुर के एक स्कूल में दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी की पुलिस की जवाबी गोलीबारी में मौत हो गई। विपक्षी दलों ने इस घटना की निंदा की है और घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं और यह भी पूछा है कि क्या यह उस मामले में सबूत नष्ट करने का प्रयास है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा किया था।
बदलापुर एनकाउंटर पर मचा सियासी घमासान, शरद पवार और पृथ्वीराज चव्हाण ने महायुति सरकार पर ताने तीर कमान
पृथ्वीराज चव्हाण व शरद पवार (सोर्स: एएनआई)
Published on
Updated on

मुंबई: महाराष्ट्र में बदलापुर के एक स्कूल में दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी की पुलिस की जवाबी गोलीबारी में मौत हो गई। विपक्षी दलों द्वारा घटना पर आश्चर्य जताये जाने और इसकी व्यापक व न्यायिक जांच की मांग के बीच, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को आत्मरक्षा में गोली मारी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गोलीबारी में एक सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

विपक्षी दलों ने इस घटना की निंदा की है और घटनाक्रम पर सवाल उठाए हैं और यह भी पूछा है कि क्या यह उस मामले में सबूत नष्ट करने का प्रयास है, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश पैदा किया था। कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने दावा किया कि यह एनकाउंटर कुछ अन्य लोगों को बचाने के लिए की गई।

गृह विभाग की कार्रवाई संदिग्ध

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘आरोपी को कानूनी प्रावधानों के अनुसार फांसी दी जानी चाहिए थी, लेकिन उसे (तलोजा जेल से) स्थानांतरित करते समय गृह विभाग की कार्रवाई संदिग्ध है।'' उन्होंने घटना की गहन जांच की मांग की।

शरद पवार ने लगाए आरोप

शरद पवार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "बदलापुर में दो बच्चियों के साथ जो अन्याय हुआ, उसे उचित कानून के दायरे में अंजाम दिया जाना चाहिए था। लेकिन इस घटना के मुख्य आरोपी के तबादले में गृह विभाग द्वारा बरती गई ढिलाई सवालों के घेरे में है। ऐसा लगता है कि सरकार कानून की धमकी देने में कमजोर हो गई है ताकि भविष्य में कोई ऐसे निंदनीय कृत्य के बारे में सोच भी न सके। उम्मीद है कि इस घटना की गहन जांच से स्थिति सामने आएगी।''

शिवसेना यूबीटी प्रवक्ता ने उठाए सवाल

शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे ने इस घटना की तुलना 2019 में तेलंगाना में, बलात्कार के चार आरोपियों की गोली मारकर हत्या किए जाने से की। उन्होंने कहा कि ‘‘वहां भी पुलिस ने दावा किया कि यह आत्मरक्षा में किया गया था। हालांकि, मौतों के कारण सच्चाई कभी सामने नहीं आ सकी। बदलापुर यौन उत्पीड़न के मामले में भी यही होगा। क्या अक्षय शिंदे की हत्या इसलिए की गई कि वह कुछ और भयावह बात छिपा रहा था? स्कूल प्रबंधन अभी भी क्यों फरार है।''

सुषमा अंधारे ने सवाल किया कि आखिर अक्षय शिंदे हथकड़ी लगे होने के बावजूद रिवॉल्वर छीनने में कैसे कामयाब हो गया और वह इसे चलाना कैसे जानता था। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग भी है, को इन सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘यह राज्य के गृह मंत्री द्वारा गंभीर मामलों को संभालने में उनकी अक्षमता को दर्शाता है।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com