शेयर बाजार में गिरावट (सोर्स-सोशल मीडिया)
Indian Stock Market Crash News: मुंबई से मिली जानकारी के अनुसार कमजोर वैश्विक रुझानों और विदेशी पूंजी की ताजा निकासी के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स 961.42 अंक लुढ़ककर 81,287.19 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 317.90 अंक गिरकर 25,178.65 अंक पर आ गया। विश्लेषकों के मुताबिक पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। बिकवाली के चलते निवेशकों की संपत्ति में 5.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कमी दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक करीब एक प्रतिशत गिरा। वहीं जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसैंग बढ़त में रहे। यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान मिला-जुला रुख देखा गया। वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका के बाजार गुरुवार को ज्यादातर गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसका असर भारतीय बाजारों पर भी पड़ा।
ये भी पढ़ें :- अकोला में महावितरण का सर्जिकल स्ट्राइक: अकोट विभाग में 37 बिजली चोर पकड़े गए, 10 लाख रुपये का जुर्माना ठोका
वैश्विक अनिश्चितताओं और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण भारतीय मुद्रा पर भी दबाव बना रहा। शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया आठ पैसे टूटकर 90.99 पर बंद हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक स्तर पर तनाव और विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी रहेगी, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। निवेशकों को सतर्कता के साथ निवेश करने की सलाह दी गई है।