

Mumbai-Sawantwadi Train Starts: गणेशोत्सव से पहले कोकणवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से मुंबई-सावंतवाड़ी दैनिक एक्सप्रेस सेवा शुरू कर दी गई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई से कोंकण के बीच मजबूत रेल कनेक्टिविटी हुई है। 741 किमी के रेल रूट का इलेक्ट्रिफिकेशन होने से प्रदूषणरहित तेज यात्रा हुई है। शिंदे ने कहा कि सावंतवाड़ी एक्सप्रेस मुंबई और कोकण के बीच रेल संपर्क को औऱ मजबूत करेगी तथा पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में कोकणवासी अपने गांव जाते हैं, ऐसे समय में यह नई रेल सेवा उनके लिए विशेष उपहार है।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने विश्वास जताया कि बेहतर रेल संपर्क से कोकण के पर्यटन, होटल उद्योग, परिवहन व्यवसाय और स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। डीसीएम शिंदे ने केंद्रीय रेल मंत्री से मुंबई में रेलवे भूमि पर अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रभावित लोगों का उचित पुनर्वास सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर राज्य विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, कैबिनेट मंत्री नितेश राणे,मेयर रितु तावड़े,मध्य रेल के जीएम जीएम राजीव श्रीवास्तव, डीआरएम मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इस दौरान वीएसी के माध्यम से जुड़े केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मुंबई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन संचालित लगभग 3,200 लोकल सेवाओं की संख्या बढ़ाकर वर्ष 2030 तक 3,500 करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस वर्ष 350 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर 20 अतिरिक्त विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
वैष्णव ने कहा कि मुंबई में कई रेलवे स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म, पिट लाइन और स्टेबलिंग लाइन विकसित की जा रही हैं। साथ ही 238 नई वातानुकूलित लोकल ट्रेनों के निर्माण का आदेश दिया गया है। पहली एसी लोकल वर्ष 2027 में सेवा में आएगी, जबकि सभी रेक 2030 तक उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का कार्य भी तेजी से जारी है और इसमें भारत की पहली समुद्र के नीचे बनने वाली रेल सुरंग शामिल है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सावंतवाड़ी एक्सप्रेस केवल दो शहरों को जोड़ने वाली ट्रेन नहीं, बल्कि कोकण के लाखों परिवारों को जोड़ने वाली सेवा है। इससे रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के यात्रियों को सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद यात्रा सुविधा मिलेगी तथा उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
एक्सप्रेस ट्रेन सीएसएमटी और सावंतवाड़ी रोड के बीच प्रतिदिन चलेगी। यह दादर, ठाणे, पनवेल, रोहा, चिपलून, रत्नागिरी, राजापुर रोड, कणकवली, सिंधुदुर्ग और कुडाल सहित कोकण रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में एसी प्रथम, एसी द्वितीय, एसी तृतीय, शयनयान और सामान्य द्वितीय श्रेणी सहित विभिन्न श्रेणियों के डिब्बे उपलब्ध हैं।