

अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति गरमाई।
संजय राउत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया।
संजय राउत ने महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
Sanjay Raut on Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में हुए गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उबाल आ गया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राज्य की महायुति सरकार पर करारा प्रहार किया है। संजय राउत ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि महाराष्ट्र में अब कानून का कोई डर नहीं बचा है और राज्य में पूरी तरह से 'जंगल राज' कायम हो चुका है।
मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि राज्य के गृह मंत्री होने के नाते कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी देवेंद्र फडणवीस की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह के गंभीर हमलों को रोकना केंद्र और राज्य दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस के राज में कानून का डर खत्म हो गया है।
संयज राउत ने कहा कि हमने मुंबई में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग, एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और ठाणे में हमारे शिवसैनिक प्रदीप पूर्णकर की हत्या जैसी कई घटनाएं देखी हैं, और अब टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाई गई हैं।
संजय राउत ने महाराष्ट्र के मौजूदा हालातों पर चिंता जताते हुए कहा कि इस सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अराजकता यानी 'जंगल राज' की स्थिति है। जब राज्य में ऐसी अराजकता फैल जाए, तो सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए और तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू किया जाना चाहिए।
उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के हालात अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नियंत्रण से पूरी तरह बाहर हो चुके हैं। राज्य में हर दिन हत्याएं हो रही हैं, व्यापारियों और आम लोगों से जबरन वसूली की जा रही है और अपहरण जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि ऐसे में मुख्यमंत्री आखिर क्या कर रहे हैं?
इसके अलावा, संजय राउत ने भाजपा की सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान शासन में माफिया गैंग्स को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा मुझे डर है कि आने वाले समय में ये सरकार इन्हीं गैंग का इस्तेमाल कर अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी ऐसे ही हमले करवाएंगे। राउत ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस के राज में अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय राउत ने अन्य राष्ट्रीय और कानूनी मुद्दों पर भी आक्रामक रुख अपनाया। सीजेपी कार्यकर्ता को अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद रिहा नहीं किए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि इस गंभीर मामले की जांच देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट को खुद करनी चाहिए।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे एक संवैधानिक पद पर हैं, लेकिन अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहे हैं। राउत ने मांग की कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को मुख्य चुनाव आयुक्त से उनके पद से इस्तीफा मांगना चाहिए।