MNS-शिवसेना गठबंधन का ऐलान कल, किन-किन महानगरपालिकाओं में होगा अलायंस, संजय राउत ने बताए नाम
MNS-Shiv Sena UBT Alliance: महाराष्ट्र महानगरपालिका चुनावों से पहले राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच गठबंधन तय हो गया है। बुधवार दोपहर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीट बंटवारे और रणनीति का ऐलान होगा।
- Written By: आकाश मसने
राज ठाकरे व उद्धव ठाकरे, इनसेट- संजय राउत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Sanjay Raut Statement On Raj-Uddhav Thackeray Alliance: आगामी महानगरपालिका चुनावों से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के बीच गठबंधन अब तय माना जा रहा है। इस सियासी समीकरण का औपचारिक ऐलान बुधवार को किया जाएगा।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच होने वाला गठबंधन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। शिवसेना (UBT) सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा बुधवार को दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे के बीच की जाएगी।
सीट बंटवारे पर क्या बोले संजय राउत?
संजय राउत ने बताया कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक साथ मीडिया को संबोधित करेंगे। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति से जुड़ी पूरी जानकारी साझा की जाएगी। राउत के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी और अब सभी अहम मुद्दों पर सहमति बन चुकी है।
सम्बंधित ख़बरें
बदनामी न करें ठाकरे गुट, सुप्रीम कोर्ट का कड़ा रुख शिवसेना विवाद पर फिर नई तारीख, 30 जुलाई को होगी सुनवाई
शिवसेना विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में तीखी बहस, CJI सूर्यकांत ने ठाकरे गुट को क्यों लगाई फटकार? जानें पूरा मामला
2008 रेलवे भर्ती हिंसा मामले में ठाणे कोर्ट पहुंचे राज ठाकरे, सभी आरोपों से किया इनकार
अर्थव्यवस्था अंदर से खोखली, युद्ध तो बस बहाना; राज ठाकरे ने खोला पीएम मोदी की अपील का ‘कच्चा चिट्ठा’
राउत ने कहा कि महानगरपालिका चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कई जगहों पर नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। ऐसे में इस गठबंधन की घोषणा में देरी करना संभव नहीं था। उन्होंने साफ किया कि दोनों दलों के वरिष्ठ और स्थानीय नेताओं के बीच लगातार बैठकें हुईं और सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं में आज से नामांकन शुरू, एक क्लिक में जानें चुनाव की सभी अहम तारीखें
किन महानगरपालिकाओं में साथ लड़ेंगे चुनाव
संजय राउत ने यह भी स्पष्ट किया कि शिवसेना (UBT) और MNS किन-किन नगर निगमों में एक साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भयंदर, नासिक और पुणे की महानगरपालिकाओं में दोनों दल गठबंधन के तहत मैदान में उतरेंगे।
महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा संकेत
राज और उद्धव ठाकरे का यह गठबंधन महाराष्ट्र की शहरी राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकता है। खासकर मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में इस सियासी समीकरण का सीधा असर देखने को मिल सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह गठबंधन आने वाले चुनावों में सत्तारूढ़ दलों के लिए चुनौती खड़ी कर सकता है। अब सभी की नजरें बुधवार दोपहर होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां ठाकरे बंधु अपने राजनीतिक भविष्य की नई दिशा का ऐलान करेंगे।
