

Samay Raina Jokes On Maharashtra Cyber Cell: महाराष्ट्र सरकार द्वारा आयोजित एक हाई-प्रोफाइल इवेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है। इस वीडियो में देश के चर्चित स्टैंडअप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आ रहे हैं। मौका था मुंबई में आयोजित ‘महाराष्ट्र साइबर अवेयरनेस प्रोग्राम’ का, जहां मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे। समय रैना ने न सिर्फ सीएम की मौजूदगी में मंच संभाला, बल्कि महाराष्ट्र पुलिस और साइबर सेल पर ऐसा मजेदार तंज कसा कि खुद मुख्यमंत्री भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
महाराष्ट्र साइबर की ओर से मुंबई में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉमेडियन समय रैना समेत कई कलाकारों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट और साइबर फ्रॉड के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत शॉर्ट फिल्म और 1930 महाराष्ट्र साइबर एंथम भी लॉन्च किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रैना को मंच पर सम्मानित किया। इस दौरान एक ऐसा वाकिया हुआ कि सीएम फडणवीस भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। सम्मान प्राप्त करते ही समय रैना ने सीएम के सामने रखी प्लेट में बिस्किट उठाते हुए अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि सर, बिस्किट ले सकता हूं। बस फिर क्या था हॉल में मौजूद सीएम फडणवीस और पुलिस अधिकारियों समेत सभी हंस पड़े।
इस दौरान समय रैना ने अपने पुराने अंदाज में महाराष्ट्र साइबर सेल पर की भी चुटकी ले ली। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र साइबर और मेरा रिश्ता बहुत पुराना है। 1930 बेहतरीन नंबर है। मैंने तो ये नंबर सेव भी कर लिया है क्योंकि कई बार मुझे वहीं से फोन आ जाता है।
इसके आगे समय ने कहा कि महाराष्ट्र साइबर बहुत एक्टिव है, चाहे आप यूएस में हो, चाहे आप इंडिया में हो। वे आपको पकड़ लेंगे। आज पहली बार हुआ है कि साइबर सेल का ऑफिसर एक कॉमेडियन के घर गया और उसे गर्व से उठाया और इस बार सम्मान मिला है। बहुत-बहुत धन्यवाद। समय रैना के इतना कहते ही CM देवेंद्र फडणवीस सहित वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगे।
समय रैना का यह बयान इसलिए भी ज्यादा वायरल हो रहा है क्योंकि 2025 में उनके शो इंडियाज गॉट लेटेंट से जुड़े विवाद के बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने उनसे पूछताछ की थी। इस विवाद के बाद समय को अपने शो के एपिसोड यूट्यूब से हटाने पड़े थे। साथ ही वह जांच के सिलसिले में मुंबई पहुंचे थे।